किसानों के प्रतिनिधि मण्डल ने कलेक्टर से मुलाकात कर बताई अपनी समस्या
भिण्ड, 13 मार्च। भारतीय किसान संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष नमोनारायण दीक्षित के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मण्डल नें जिला कलेक्टर भिण्ड से भेंट कर किसानों की समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि अटेर क्षेत्र क्वारी नदी एवं चंबल नदी के बीच में बसा हुआ है, बीहड़ों की मिट्टी रेतीली होने के कारण प्रति वर्ष सैकड़ों बीघा उपजाऊ जमीन कटाव के कारण बीहड़ों में बदल जाती है। इसलिए इस क्षेत्र में बीहड़ कटाव पर नियंत्रण एवं बीहड़ सुधार के लिए कार्य होना चाहिए, अगर बीहड़ सुधार कार्यक्रम नहीं चलाए गए तो जमीन के साथ साथ बहुत से बीहड़ों के किनारे के ग्रामों का अस्तित्व समाप्त हो जाएगा। चंबल के बीहड़ों से अटल प्रोग्रेस वे का प्रस्ताव शासन को स्वीकृति के लिए भेजा गया है तो यहां के किसान बहुत खुश थे। आशा बंधी थी कि इस क्षेत्र का विकास होगा, चंबल घाटी जो डकैतों के नाम से जानी जाती है, यह कलंक दूर होगा, विकास की धारा बहेगी, भूमि कटाव रुकेगा, लेकिन उल्टा हो गया।
किसान नेता लक्ष्मण सिंह नरवरिया ने कहा कि बहुत से किसान भूमि हीन हो जाएंगे। रामकरन भदौरिया ने बताया कि उदोतगढ़ से लेकर फूफ तक जो इस क्षेत्र की सबसे अधिक उपजाऊ जमीन है, हाईवे में जाने से किसान बर्वाद हो जाएगा, इसलिए हम लोग आपके पास आए हैं कि आने वाले संकट से इस क्षेत्र के किसानों को बचाया जाए।
कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मानवीय आधार पर कहा कि हम वरिष्ठ अधिकारियों तक आपकी आवाज पहुंचाएंगे। प्रतिनिधि मण्डल में कुलदीप सिंह भदौरिया, प्रांत मंत्री रमेशबाबू चौधरी, संभाग मंत्री लक्ष्मण सिंह नरवरिया, रामकरन सिंह भदौरिया, रामचंद्र सिंह भदौरिया, राजेन्द्र गर्ग आदि शामिल थे।