– ग्रामीण जिलाध्यक्ष बघेल ने कार्यकर्ताओं के साथ जनभावनाओं का सम्मान और संघर्ष का लिया संकल्प
भिण्ड, 15 सितम्बर। कांग्रेस पार्टी द्वारा लहार में प्रभावशाली संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें भिण्ड ग्रामीण जिलाध्यक्ष रामशेष बघेल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह मुख्य रूप से मौजूद थे। इस मौके पर जिलेभर के पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और वरिष्ठ नेता बड़ी संख्या में शामिल हुए।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह ने भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार किया और कहा कि जुर्म-सितम कितना भी कर लो, जनता के सम्मान में हमेशा संघर्ष करता रहूंगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार जनविरोधी नीतियों पर चल रही है और गरीब, किसान, युवा, मजदूर सभी वर्ग हताश हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा ही इस देश की आत्मा है और जब तक जनता की आवाज को दबाया जाता रहेगा, कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता सड़क पर संघर्ष करता रहेगा।
ग्रामीण जिला अध्यक्ष रामशेष बघेल ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि मैं अपनी अंतिम सांस तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ खड़ा रहूंगा। उन्होंने संगठन को मजबूत करने के लिए बूथ स्तर पर कार्य करने का आह्वान किया और कहा कि आने वाला समय कांग्रेस का है, बस जरूरत है एकजुट होकर काम करने की। बैठक में वक्ताओं ने केन्द्र और राज्य सरकार की विफलताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार ने आमजन का जीवन दूभर कर दिया है। कांग्रेस ही एकमात्र विकल्प है जो देश और प्रदेश को दिशा दे सकती है।
इस सम्मेलन ने जहां संगठन को नई ऊर्जा देने का कार्य किया, वहीं वरिष्ठ नेताओं के जोशीले भाषणों ने कार्यकर्ताओं में संघर्ष की नई चेतना भी जगाई। बैठक की अध्यक्षता लहार ब्लॉक अध्यक्ष राजकुमार शर्मा ने की, जबकि संचालन रौन ब्लॉक अध्यक्ष सतेन्द्र राजावत ने किया। बैठक में लहार जनपद उपाध्यक्ष रामेश्वर दयाल कौरव, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि मानमेन्द्र प्रताप सिंह, कांग्रेस के प्रदेश सचिव अनिरुद्ध प्रताप सिंह प्रमुख रहे। अंत में सभी पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि वे संगठन को मजबूत करने के लिए गांव-गांव, घर-घर तक कांग्रेस की नीतियों को पहुंचाएंगे और आने वाले चुनावों में पार्टी को विजयी बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। यह सम्मेलन न सिर्फ संगठन के लिए एक संगठित शक्ति का परिचायक रहा, बल्कि यह संदेश भी दे गया कि कांग्रेस कार्यकर्ता आज भी पूरी मजबूती से पार्टी के झण्डे तले खड़े हैं और हर चुनौती का सामना करने को तैयार हैं।