– बैठक में समस्त बीएमओ को दिए निर्देश
भिण्ड, 15 सितम्बर। महिलाओं का स्वास्थ्य एवं हमारे परिवारों का सशक्तिकरण राष्ट्र की प्रगति का आधार है। इसके परिपेक्ष्य में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय भारत सरकार द्वारा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान का आयोजन किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जेएस यादव द्वारा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जेएस यादव ने बताया कि इस अभियान का आयोजन महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित किए जा रहे पोषण माह की गतिविधियों के अभिसरण व समन्वय से आयोजित किया जाएगा। अभियान का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ प्रधानमंत्री द्वारा मप्र से 17 सितंबर को किया जाएगा। अभियान के तहत आयुष्मान आरोग्य मन्दिरों तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर स्वास्थ्य एवं पोषण शिविर तथा विशेषज्ञ चिकित्सा शिविरों का आयोजन तथा स्वैच्छिक रक्तदान जैसी गतिविधियां शामिल होंगी।
अभियान का उद्देश्य महिलाओं में स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़ी चुनौतियों की पहचान कर उन्हें समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, किशोरियों में पोषण व एनीमिया के प्रति जागरुकता बढ़ाना, गैर संचारी रोग जैसे उच्च रक्तचाप, मधुमेह, कैंसर, स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा कैंसर, एनीमिया एवं सिकल सेल रोग तथा संचारी रोग जैसे क्षय रोग, कुष्ठ रोग की स्क्रीनिंग, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता के साथ समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर जन आंदोलन के रूप में आयोजन किया जाएगा।