– जिला कांग्रेस कमेटी की पत्रकार वार्ता आयोजित
भिण्ड, 15 सितम्बर। भाजपा की डबल इंजन सरकार जनहित के प्रत्येक मोर्चा पर असफल रही है। भाजपा शाम-दाम, दण्ड-भेद नीति से सत्ता में बने रहना चाहती है, जन समस्याओं के निराकरण में कोई रुचि नहीं है। यह बात सोमवार को शहर के मयूर मैरिज गार्डन में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रामशेष बघेल ने कही। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष जयश्रीराम बघेल, बाबूलाल जामौर, प्रवक्ता पंकज त्रिपाठी, उपाध्यक्ष महेश जाटव, संगठन मंत्री इरशाद खान, आईटी सेल के शिवशंकर सिंह, पूर्व प्रवक्ता अरविन्द यादव मौजूद रहे।
नवनियुक्त कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामशेष बघेल ने कहा कि भाजपा शासन में मंहगाई की मार से आमजनता और बेरोजगारी से नौजवान परेशान है। कांग्रेस के शासन में प्रतिवर्ष सैना, पुलिस, शिक्षिक एवं अन्य विभागों में भर्ती के लिए भर्ती निकाली जाती थी जो भाजपा शासन ने बंद कर दी गई है। कर्मचारियों को पुरानी पेंशन दिलाए जाने एवं अग्निवीर योजना को बंद कर पुराने तरीके से सैना में भर्ती प्रारंभ करने की मांग भी उन्होंने की। उन्होंने सरकार से मांग करते हुए कहा कि किसानों को समय पर खाद-बीज, बिजली उपलब्ध करायी जाए। खाद वितरण में भ्रष्टाचार रोका जाए। उन्होंने कहा कि किसानों की खाद समस्या का समाधान न होने पर जिला कांग्रेस आंदोलन करने के लिये मजबूर होगी। उन्होंने गौशालाएं सही तरीके से संचालित करने एवं प्रत्येक गौशाला में दो स्थाई कर्मचारी रखे जाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि भिण्ड शहर में पीने के पानी की व्यवस्था के लिए वर्ष 2018 में टाटा वाटर प्रोजेक्ट प्रारंभ किया गया जो 2020 में पूर्ण होकर पीने के पानी की सप्लाई प्रारंभ होनी थी। वाटर प्रोजेक्ट की लागत करोड़ रुपए थी। शहर में वाटर लाइन डालने हेतु सड़के खोद कर मीटर लगा दिए हैं, लेकिन पानी की सप्लाई अभी तक नहीं हो सकी। भिण्ड में राजीव गांधी स्टेडियम के अधूरे निर्माण कार्य को पूर्ण कराए जाने, गोहद विधानसभा क्षेत्र में गोहद नगर एवं विधानसभा क्षेत्र के कई ग्रामों में पीने के पानी की गंभीर समस्या हल किए जाने हेतु प्रभावी व्यवस्था कराए जाने सहित कई मांगें उठाईं। उन्होंने कहा कि भाजपा वोट चोरी बंद कर प्रजातांत्रिक हेतु भारतीय संविधान के प्रति छेड़छाड़ बंद कर भारत की जानता की भावनाओं का सम्मान कर प्रजातंत्र एवं संविधान की सुरक्षा सुनिश्चित करें।