– एक साल पहले हुआ था ट्रैक्टर का सौदा
भिण्ड, 14 सितम्बर। जिले के गोरमी थाना क्षेत्र के महदोली गांव में रविवार की सुबह ट्रैक्टर के लेन-देन को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। मामला बढ़ते-बढ़ते लाठी-डंडों की मारपीट तक पहुंचा और फिर गोली चल गई। गोली लगने से 30 वर्षीय अफरोज पुत्र शब्बीर खान गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया और हालत नाजुक होने पर ग्वालियर के जेएएच अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम महदोली निवासी पप्पू शर्मा ने करीब एक साल पहले फिरोज खान के परिवार को 7.50 लाख रुपए में ट्रैक्टर बेचा था। ट्रैक्टर पर बैंक का कर्ज बाकी था, जिसकी किश्तें फिरोज भर रहा था। रविवार सुबह करीब 9:30 बजे इसी भुगतान को लेकर पप्पू शर्मा और फिरोज खान के परिवार में कहासुनी हो गई। बात पैसे और आरसी-कार्ड देने को लेकर बिगड़ गई। देखते-देखते विवाद मारपीट में बदल गया और अफरोज के पेट में गोली लग गई। घटना के बाद आरोपी पप्पू शर्मा, उसके बेटे गोलू, भोलू और भाई संतोष मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही गोरमी थाना प्रभारी आशुतोष शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और घायलों को अस्पताल भेजा। अफरोज का बयान दर्ज करने के लिए टीम ग्वालियर रवाना हुई है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।