जिले के फूप कस्बे में जन जागरण महा पंचायत 4 को

-किसान नौजवान मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व विधायक रविन्द्र तोमर भिडौसा करेंगे संबोधित

भिण्ड, 03 मई। देश में एक और नया राज्य बनाने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। नया चंबल प्रदेश बनाने के लिए कवायद की जा रही है। इसके लिए जिले के फूप कस्बे में भदाकुर तिराहे पर चार मई को दोपहर दो बजे जन जागरण महापंचायत बुलाई गई है। इसके लिए किसान नौजवान मंच के कार्यकर्ता प्रचार प्रसार में लगे हुए हैं।
बताया गया है कि प्रस्तावित चंबल प्रदेश के लिए देश के तीन बडे राज्य- मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान को तोडना होगा, जो कि बेहद कठिन है। इसके बावजूद न केवल महा पंचायत बुलाई जा रही है, बल्कि प्रस्तावित चंबल प्रदेश का नक्शा तक तय कर लिया गया है। चंबल अंचल के एक पूर्व विधायक ने यह बीडा उठाया है। चंबल प्रदेश के लिए सभी राजनैतिक दलों की सहमति लेने का प्रयास भी किया जा रहा है। हालांकि तीनों राज्यों के इस इलाके को अलग प्रदेश बनाने की मांग की जाती रही है। अब इसके लिए एक बार फिर मुहिम चलाई जा रही है। दिमनी के पूर्व विधायक रविन्द्र भिडोसा ने अलग चंबल प्रदेश की मांग उठाई है। वे कांग्रेस से जुडे रहे हैं पर इस मुद्दे पर सभी दलों का समर्थन चाहते हैं। यही कारण है कि चंबल प्रदेश के लिए सरकारों पर दबाव डालने के लिए उन्होंने महा पंचायत बुलाई है।
यहां बता दें कि चंबल प्रदेश की मांग काफी पुरानी है। रविन्द्र भिडोसा के पहले राष्ट्रीय हनुमान सेना भी यह मांग उठा चुकी है। हनुमान सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरसिंह कुमार चौबे ने इसके लिए मुहिम चालू की लेकिन बाद में मामला ठण्डा पड गया। फरवरी 2024 में लोकसभा चुनावों के पूर्व यह मांग उठाई गई थी। तब अध्यक्ष ने दावा किया था कि संगठन अलग चंबल प्रदेश की मांग 1999 से करता आ रहा है। हनुमान सेना ने इसमें यूपी, एमपी और राजस्थान के 22 जिलों को मिलाने की मांग की है।