भिण्ड, 02 मई। मिहोना नगर के वार्ड क्र.5 की आंगनबाडी पर लाडली लक्ष्मी उत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी प्रेमनारायण बरुआ ने की। मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ साहित्यकार हरीबाबू निराला उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में सुपर वाईजर सुमन राजौरिया एवं संचालन कार्यकर्ता शर्मिला शर्मा ने किया तथा आभार प्रदर्शन कार्यकर्ता अर्चना गुप्ता ने किया। इस अवसर पर अतिथियों ने 11 कन्याओं का पूजन किया। तत्पश्चात लाडली बहनों को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया।
सुबह हुई बारिश से तापमान गिरा, गर्मी से मिली राहत
भिण्ड। जिले में शुक्रवार की अल सुबह हुई बारिश से तापमान में गिरावट आई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। गुरुवार की रात में चली तेज हवाएं रात भर चलती रहीं और सुबह बारिश हुई।
गुरुवार की रात तेज हवाओं के साथ बादलों की गडगडाहट और तेज बिजली कडकने की आवाजे सुनाई देती रही। सुबह 6 बजे बारिश शुरू हुई, जो गरज-चमक के साथ करीब नौ बजे तक जारी रही। बाद में बादल खुलने के बाद वातावरण में ठंडक बनी रही। पिछले कुछ दिनों से जिले में तेज धूप के कारण गर्मी का असर दिखाई दे रहा था। गुरुवार शाम से मौसम में बदलाव हुआ और रात में हुई बारिश से लोगों को राहत मिली। तेज हवाओं के साथ बातावरण ठंडा हो गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दो दिन तक इसी तरह का मौसम बना रह सकता है। कहीं-कहीं हल्की बारिश की भी संभावना बताई जा रही है। शुक्रवार सुबह 8 बजे पारा 27 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि रात का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।