महिलाओं का स्वस्थ और सशक्त होना केवल प्रगति नहीं, बल्कि एक समृद्ध और कल्पनाशील समाज की नींव है : सांसद राय

– सरकार का प्रयास है कि सेवा, समर्पण और संवेदना के साथ हर जरूरतमंद तक पहुंचे : विधायक कुशवाह

भिण्ड, 17 सितम्बर। क्षेत्रीय सांसद संध्या राय के मुख्य आतिथ्य में स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान कार्यक्रम का आयोजन सामुदायिक भवन मेला ग्राउण्ड भिण्ड में आयोजित किया गया। इस दौरान विधायक भिण्ड नरेन्द्र सिंह कुशवाह, भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया, नगर पालिका भिण्ड अध्यक्ष वर्षा बाल्मीकि, कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव, सीईओ जिला पंचायत सुनील दुबे, अपर कलेक्टर एलके पाण्डेय, एएसपी संजीव पाठक सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण एवं महिलाएं उपस्थित रहीं। मुख्य अतिथि सांसद ने कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया।
सांसद संध्या राय ने कार्यक्रम को संबोधित कर कहा कि महिलाओं का स्वास्थ्य एवं हमारे परिवारों का सशक्तिकरण राष्ट्र की प्रगति का आधार है। सेवा पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ प्रधानमंत्री द्वारा मप्र के धार जिले से किया गया है। अभियान के तहत स्वास्थ्य एवं पोषण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं में स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़ी चुनौतियों की पहचान कर उन्हें समय पर स्वास्थ्य सेवायें उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक अभियान नहीं, बल्कि हर मां की मुस्कान और हर बच्चे के भविष्य को सुरक्षित करने का संकल्प है। प्रधानमंत्री मोदी का यह विजन आने वाली पीढ़ियों को एक ऐसा भारत देगा जहां हर परिवार स्वस्थ, हर समाज सशक्त और हर सपना साकार होगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं का स्वस्थ और सशक्त होना केवल प्रगति नहीं, बल्कि एक समृद्ध और कल्पनाशील समाज की नींव है। नारी केवल एक शब्द नहीं, बल्कि सृजन, प्रेम, धैर्य और शक्ति का प्रतीक है। एक बेटी, बहन, मां और पत्नी के रूप में नारी जीवन के हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इतिहास गवाह है कि जब भी समाज ने नारी को आगे बढ़ने का अवसर दिया, उसने अपनी काबिलियत साबित की है। आज की नारी सशक्त, शिक्षित और आत्मनिर्भर है। वह घर से लेकर ऑफिस तक, विज्ञान से लेकर राजनीति तक हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही है। नारी का सम्मान सिर्फ एक कर्तव्य नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी है। सरकार ने महिला सशक्तिकरण के लिए लाड़ली लक्ष्मी से लेकर लाड़ली बहना तक अनेक योजनाएं बनाई हैं। नारी सशक्त होगी, तो समाज समृद्ध होगा। इसलिए हमें नारी सशक्तिकरण को बढ़ावा देना चाहिए, ताकि हर महिला अपने सपनों को पूरा कर सके और नए आयाम छू सके।

विधायक भिण्ड नरेन्द्र सिंह कुशवाह ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा अभियान अंतर्गत अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिसमें स्वच्छता कार्यक्रम, स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान के तहत शिविर, रक्तदान, एक पेड़ मां के नाम जैसे अनेक कार्यक्रम आयोजित होंगे। उन्होंने कहा कि ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार’ अभियान विकसित भारत के लक्ष्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस तरह के अभियान समाज में महिलाओं के स्वास्थ्य और परिवार की सशक्त भूमिका को मजबूत बनाने में अहम साबित होंगे। एक मां स्वस्थ होगी तो परिवार स्वस्थ रहेगा तभी समाज सशक्त बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का प्रयास है कि सेवा, समर्पण और संवेदना के साथ हर जरूरतमंद तक पहुंचे। यह अभियान मात्र एक योजना नहीं, यह मातृशक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण का संकल्प है।