स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान का भव्य शुभारंभ 17 सितंबर को

– जिले की महिलाओं के लिए लगेंगे विशेष जांच शिविर, 2 अक्टूबर तक चलेगा अभियान

भिण्ड, 16 सितम्बर। जिले की महिलाओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने के लिए मप्र सरकार 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान चलाएगी, जिसके अंतर्गत भिण्ड जिला चिकित्सालय सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र व आयुष्मान केन्द्रों पर शिविरों का आयोजन किया जाएगा तथा विशेषज्ञों द्वारा 17 सितंबर को जिला चिकित्सालय भिण्ड में, 18 सितंबर को सिविल अस्पताल गोहद में, 19 सितंबर को सिविल अस्पताल लहार में, 20 सितंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र फूप में, 22 सितंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अटेर में, 23 सितंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रौन में, 24 सितंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मौ में, 25 सितंबर को सादायिक स्वास्थ्य केन्द्र मेहगांव में, 26 सितंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अमायन में, 29 सितंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ऊमरी में, 30 सितंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सुरपुरा में विशेषज्ञ चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जेएस यादव ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले की सभी महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच, उपचार और आवश्यक दवाएं वितरित करना है। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि जिले की सभी महिलाओं को उनके स्वास्थ्य की स्थिति के बारे में जानकारी मिले और उन्हें सही उपचार प्रदान किया जाए। अभियान के तहत आयुष्मान आरोग्य मन्दिरों तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर स्वास्थ्य एवं पोषण शिविर तथा विशेषज्ञ चिकित्सा शिविरों का आयोजन तथा स्वैच्छिक रक्तदान जैसी गतिविधियां शामिल होंगी।
अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़ी चुनौतियों की पहचान कर उन्हें समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, किशोरियों में पोषण व एनीमिया के प्रति जागरूकता। गैर संचारी रोग जैसे- उच्च रक्तचाप, मधुमेह, कैंसर, एनीमिया एवं सिकल सेल रोग तथा संचारी रोग जैसे- क्षय रोग, कुष्ठ रोग की स्क्रीनिंग। स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता के साथ-साथ समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर जन आंदोलन के रूप में आयोजन। यह अभियान न केवल महिलाओं के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में मदद करेगा, बल्कि एक स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण में भी योगदान देगा।