घायल बंदरिया ने फीता काटकर किया नवनिर्मित हॉल का उद्घाटन

– इंसानियत समिति के आश्रम में नवनिर्मित हॉल से बेजुबानों की सेवा को मिला नया आयाम

भिण्ड, 16 सितम्बर। घायल, असहाय और बेसहारा बेजुबान जानवरों की सेवा में वर्षों से समर्पित इंसानियत समिति के पशु आश्रम में सोमवार को नवनिर्मित हॉल का शुभारंभ किया गया। इस नए हॉल का शुभारंभ किसी विशेष व्यक्ति द्वारा नहीं, बल्कि आश्रम में रह रही घायल बंदरिया रोमा द्वारा किया गया। इंसानियत समिति ने यह कदम यह संदेश देने के लिए उठाया कि यह आश्रम और इसकी हर एक उपलब्धि वास्तव में बेजुबानों की ही है। जब रोमा ने फीता काटा तो वह क्षण हर किसी की आंखों में आंसू और दिलों में गहरी संवेदना छोड़ गया।
करीब दो महीने की कठिन मेहनत और अनेक चुनौतियों के बाद लगभग 10 लाख की लागत से तैयार इस हॉल का निर्माण कार्य पूरा हुआ है। विशेष रूप से घायल और अपंग जानवरों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हॉल में टाइल्स लगवाई गई हैं, जिससे उन्हें साफ-सुथरा और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
वर्तमान में आश्रम में 130 से अधिक घायल और चोटिल पशु-पक्षियों की देखभाल की जा रही है। यहां न सिर्फ इलाज और दवाइयों की व्यवस्था है, बल्कि खानपान और निरंतर देखरेख भी पूरी जिम्मेदारी के साथ की जाती है। इंसानियत समिति का यह पशु आश्रम पिछले 13 वर्षों से लगातार सेवा कार्य में जुटा हुआ है। समिति की निस्वार्थ सेवा और समर्पण के कारण अब मध्य प्रदेश के दूरदराज शहरों से भी लोग अपने घायल या बीमार जानवरों को यहां लाकर इलाज करवा रहे हैं।
नवनिर्मित हॉल के उद्घाटन के साथ ही समिति का यह प्रयास और मजबूत हो गया है, जिससे बेसहारा बेजुबानों को और बेहतर सुविधा मिल सकेगी। इस अवसर पर समिति निर्माता अनंत इंसानियत, दीपचंद इंसानियत, पंकज, रोहित, अक्षय, शिल्पा, समीक्षा, आयुषी, शिवानी, नेहा, अभिनव, अनुज, मोहित, अनिकेत, चिंटू, अंकित, छोटू, राकेश, वरुण, मुस्कान समेत कई सदस्य मौजूद रहे।