100 आरोपी छूट जाएं लेकिन 01 निर्दोष को सजा न हो के सिद्धांत पर कार्य करें अभियोजन अधिकारी : मंगूभाई पटेल

– पीडितों को न्याय दिलाना अभियोजन का पुनीत कर्तव्य : न्यायमूर्ति सत्येन्द्र सिंह
– नवनियुक्त अभियोजन अधिकारियों का 45 दिवसीय आधारभूत प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न

भोपाल, 08 अप्रैल। लोक अभियोजन संचालनालय मप्र के तत्वावधान में नवनियुक्त 212 अभियोजन अधिकारियों का 45 दिवसीय आधारभूमि प्रशिक्षण कार्यक्रम केन्द्रीय पुलिस प्रशिक्षण संस्थान कान्हासैया में 22 फरवरी से प्रारंभ होकर सात अप्रैल को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि मप्र के राज्यपाल मंगूभाई पटेल, विशेष अतिथि के रूप में न्यायमूर्ति लोकायुक्त मप्र सत्येन्द्र सिंह सम्मिलित हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर मुख्य सचिव गृह विभाग मप्र जेएन कांसोटिया ने की। प्रशिक्षण के समापन सत्र का प्रारंभ राष्ट्रगान से हुआ। अतिथियों का स्वागत संचालक लोक अभियोजन मप्र बीएल प्रजापति ने किया, उन्होंने प्रशिक्षित अधिकारियों का उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और उन्हें न्यायालयों में बेहतर अभियोजन संचालन के लिए प्रोत्साहित किया।
मुख्य अतिथि राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने अपने उदबोधन में सर्वप्रथम अभियोजन अधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और कहा कि अभियोजन अधिकारी न्यायालय में जितने सशक्त तरीके से अभियोजन का पक्ष रखते हैं, पीडितों को उतना ही न्याय प्राप्त होगा। अभियोजन अधिकारियों को 100 आरोपी छूट जाएं, लेकिन एक निर्दोष को सजा न हो के सिद्धांत पर कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कैसे छोटी सी बात बडे विवाद का रूप ले लेती है। एक आइसक्रीम लाने को लेकर पति-पत्नी में तलाक तक के मामले आ जाते हैं। अभियोजन अधिकारियों को सावधानीपूर्वक अभियोजन संचालन का कर्तव्य करना चाहिए।
न्यायमूर्ति सत्येन्द्र कुमार सिंह अपने उदबोधन में कहा कि अभियोजन अधिकारी को पीडितों को न्याय प्रदान कराने का पुनीत कर्तव्य करते हैं। आप सभी यहां से प्रशिक्षित होकर न्यायालयों में अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और लगन से करें ये भी मेरी शुभकामनाएं हैं। कार्यक्रम के अध्यक्ष अपर मुख्य सचिव गृह विभाग जेएन कांसोटिया ने कहा कि हमें संविधान के अनुसार आचरण करना चाहिए और विधि का शासन स्थापित हो इसके लिए कर्तव्यबद्ध होकर कार्य करने चाहिए। सीएपीटी संचालक अनिल किशोर यादव ने सभी गणमान्य व्यक्तियों का आभार व्यक्त किया और अभियोजन विभाग मप्र को धन्यवाद दिया, जिन्होंने 212 अभियोजन अधिकारियों को प्रशिक्षित करने का अवसर उनको प्रदान किया। अंत में संयुक्त संचालक लेाक अभियोजन रामेश्वर प्रसाद कुमरे ने सभी का आभार प्रकट किया।
जनसंपर्क अधिकारी लोक अभियोजन संभाग भोपाल मनोज त्रिपाठी एडीपीओ ने बताया कि नवनियुक्त अधिकारियों का 45 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रभारी उप संचालक भोपाल राजेन्द्र उपाध्याय की अध्यक्षता में, सहायक संचालक प्रशिक्षण अभिषेक बुन्देला के नेतृत्व में अत्यंत सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। जिसमें सहायक जिला लेाक अभियोजन अधिकारी मनीष शर्मा, उदयभान रघुवंशी, लोकेन्द्र कुमार द्विवेदी, अमित कुमार शुक्ला, आशीष त्यागी, आशीष दुबे, गोपाल सिंह सिकरवार, प्रमोद कुमार राय, मनोज त्रिपाठी, नवीन श्रीवास्तव, आदित्य तिवारी, अंशुमान सुहाने एवं आशुतोष गौर, सुलेख का सराहनीय योगदान रहा। समापन कार्यक्रम का संचालन विक्रम सिंह चौधरी एवं सुधा विजय सिंह भदौरिया ने किया।