कुरथर में 108 कुण्डीय विशाल श्रीराम महायज्ञ 21 मई से, तैयारियां शुरू

महायज्ञ में स्वामी श्री रामभद्राचार्य जी महाराज सहित कई विख्यात संत महात्मा आएंगे

भिण्ड, 07 अप्रैल। आलमपुर क्षेत्र के ग्राम कुरथर में कुंअर बाबा महाराज आश्रम पर आगामी 21 से 30 मई तक 108 कुण्डीय विशाल श्रीराम महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। जिसकी तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं। इस विशाल महायज्ञ में कोई अव्यवस्था न रहे, इसलिए कमेटी तथा ग्रामीणजनों के बीच निरंतर बैठकों का दौर जारी है। कुरथर में आयोजित होने वाले इस विशाल महायज्ञ में कई विख्यात विद्वान संत महात्माओं के आशीष वचन के साथ दर्शन प्राप्त होंगे।
नव दिवसीय श्रीराम महायज्ञ के दौरान तुलसी पीठ उत्तराधिकारी आचार्य रामचन्द्र दास (जय महाराज) द्वारा भगवान श्रीराम की संगीतमय सुंदर कथा श्रवण कराई जाएगी। जबकि शतचण्डी यज्ञ आचार्य पं. रविन्द्र शास्त्री एवं यज्ञाचार्य डॉ. भैरवदत्त त्रिवेदी (वेदाचार्य) द्वारा यज्ञ के सभी कार्यक्रम विधिवत रूप से संपन्न कराए जाएंगे। महायज्ञ के प्रधान पारीक्षित श्रीमती मालती-रविन्द्र सिंह कौरव कुरथर, श्रीराम कथा पारीक्षित श्रीमती विद्यादेवी-चतुर सिंह कौरव कुरथर तथा शत चण्डी यज्ञ का पारीक्षित श्रीमती मालती-लल्लू झा को बनाया गया है।
महायज्ञ के दौरान सुबह आठ से 12 बजे तक यज्ञ हवन आदि, दोपहर 12 बजे से 2.30 बजे तक प्रवचन तथा 2.30 बजे से शाम छह बजे तक श्रीराम कथा आयोजित की जाएगी। शाम सात बजे से भण्डारा तथा रात्रि नौ बजे से श्रीरामलीला का आयोजन होगा। स्थानीय संत महात्माओं के सानिध्य में कुंअर बाबा महाराज आश्रम कुरथर में आयोजित होने वाले विशाल श्रीराम महायज्ञ के शुभारंभ अवसर पर रणकौशल देवी मन्दिर से कुंअर महाराज आश्रम कुरथर तक भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। यज्ञ में समस्त दुकानदारों को भोजन, पानी, लाइट एवं ठहरने की नि:शुल्क व्यवस्था रखी जाएगी। इस विशाल महायज्ञ में 29 मई पूर्ण आहुति के दिन पद्म विभूषण तुलसी पीठाधिश्वर जगतगुरू रामानंदाचार्य स्वामी श्री रामभद्राचार्य जी महाराज अपने आशीष वचन प्रदान करने के लिए हेलीकॉप्टर से ग्राम कुरथर आएंगे और 30 मई को विशाल भण्डारे का आयोजन किया जाएगा। कोरोनाकाल के पश्चात कुरथर गांव में होने जा रहे इस विशाल महायज्ञ को लेकर समूचे क्षेत्र वासियों में भारी उत्साह है।