कार्यकर्ताओं के समर्पण से विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनी भाजपा : पाठक

भिण्ड, 07 अप्रैल। भारतीय जनता पार्टी के 43वे स्थापना दिवस पर भाजयुमो के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अतुल रमेश पाठक ने कार्यकर्ताओं और जनता को बधाई देते हुए कहा कि हमें गर्व है कि हम भाजपा के कार्यकर्ता हैं, क्योंकि भाजपा कार्यकर्ताओं के समर्पण से ही विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनी है।
युवा मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य पाठक ने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत व जनता का आशीर्वाद ही है कि आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। इस अवसर पर उन्होंने उन सभी महान विभूतियों को नमन किया, जिनकी नि:स्वार्थ सेवा और समर्पण से पार्टी इस शिखर पर पहुंची है और आज प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन व कर्मठ अध्यक्ष जेपी नड्डा के अथक प्रयास के साथ जनता का विश्वास जीतकर पार्टी निरन्तर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि जनता के इस विश्वास, आशीर्वाद के पीछे कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम, समर्पण, त्याग, सेवाभाव और हमारे शीर्ष नेतृत्व की विश्वसनीयता है। हमारे दीप से कमल तक की इस यात्रा में कई उतार चढ़ाव आए, हमें दबाने, कुचलने के बहुत प्रयास हुए, बदनाम करने की कोशिशें हुईं, लेकिन हम ना तो रुके और ना ही झुके। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता सबसे बड़ी ताकत है जिस पर पूरा संगठन टिका हुआ है। कार्यकर्ता के आगे कभी पूर्व नहीं लगता, वे ही नीव के पत्थर है।