भिण्ड, 11 अक्टूबर। अंचल में लगातार हो रही वारिश के कारण किसानों के खेतों में खड़ी फसल बर्बाद हो गई। भिण्ड जिले ही नहीं अपितु पूरे मप्र में किसानों की फसल चौपट होने से किसानों की परेशानी बढ़ गई है। फसल नुकसान का शीघ्र सर्वे कर किसानों की फसल के नुकसान का मुआवजा दे। यह बात श्री परशुराम सर्व ब्राम्हण संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रदेश प्रभारी श्यामसुंदर कटारे ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति में कही।
कटारे ने कहा कि जिलेभर में लगातार तीन चार दिन से हो रही अति वर्षा के कारण किसानों के खेतों में खड़ी बाजार, ग्वार, जौंडई, उड़द, मूंग आदि की फसल पूरी तरह से बर्वाद हो गई, जिन किसानों ने बाजरा की कटाई कर ली उनके खेतों व खलियानों में पानी भर जाने के कारण उनका बाजरा सड़ रहा है और बाजरे की करब खराब होने से पशु चारे का भी संकट गहरा जाएगा और किसानों को भारी संकट के दौर से गुजरना पड़ेगा।
कटारे ने कहा कि भारी वारिश होने के कारण किसानों के खेतों में पानी भरने से उन्हें आगामी सरसों एवं गेहूं की फसल बोवनी देरी से होने से इसका भी नुकसान किसानों को उठाना पड़ेगा। कई किसानों ने अपने खेतों में सब्जियों की खेती की थी, लेकिन अति वर्षा के कारण उनकी सब्जी की खेती नष्ट होने से उन गरीब किसानों को भी भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि किसानों की फसल बर्बाद होने से उन्हें अधिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मांग की है कि पीडि़त किसानों की फसल बर्वाद होने की शीघ्र सर्वे कराकर सरकार किसानों को फसल चौपट का मुआवजा दिया जाए।