पार्टी के लिए समर्पित कार्यकर्तओं को मिलेगा टिकट : शर्मा

भिण्ड, 06 जून। मप्र कांग्रेस कमेटी द्वारा अकोड़ा नगर परिषद के लिए नियुक्त पर्यवेक्षक प्रदेश कांग्रेस महामंत्री राजकुमार शर्मा ने नगरीय निकाय चुनाव के लिए अकोड़ा में कार्यकर्ताओं की बैठक ली।
शर्मा ने बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि आपसी मन भेद मतभेद को भूलकर सभी को एकजुट होकर नगरीय निकाय चुनाव में कांग्रेस का दमखम दिखाना है। उन्होंने कहा कि कमलनाथ के 15 माह की सरकार की उपलब्धियां ही भाजपा को पछाडऩे के लिए पर्याप्त है। हमारे घरों में 100 यूनिट 100 रुपए बिजली देने वाले कमलनाथ सरकार की वापसी के लिए निकाय चुनाव 2023 का सेमीफाइनल की तरह है। भारतीय जनता पार्टी क्या-क्या षड्यंत्र रचेगी यह समझने की जरूरत है। भाजपा आपस में लड़ाने का प्रयास करेगी। नगरीय निकाय चुनाव में प्रत्याशी के लिए सभी के सुझाव लिए जाएंगे और आपसी सहमति और पार्टी के प्रति समर्पण ही टिकट के लिए प्राथमिकता का आधार रहेगा। उन्होंने ने कहा कि भाजपा ध्यान बांटने की राजनीति करती है। झूठे वादे और घोषणाएं कर जनता को गुमराह करती है। कमलनाथ सरकार गिराकर उन्होंने जनता के मत को ठगा और अब सरकार में रहकर जनता के विश्वास को ठग रहे है।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. अनिल भारद्वाज ने कहा कि हमारा उद्देश्य आगामी प्रत्येक चुनाव को जीतना है। उम्मीदवारों के चयन से ही परिणाम सार्थक मिलते हैं। इसके लिए आप सभी की राय ली जाएगी। लेकिन सबसे जरूरी बात यह है कि नगरीय निकाय चुनाव में हम सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा।
बैठक में 15 वार्डों के पार्षद पद के दावेदारों में 31 नमो के वायोड़ाता पर्यवेक्षक राजकुमार शर्मा को सौंपे गए। उन्होंने 10 जून तक नाम फाइनल करने की बात कही। इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष अहिवरण बघेल, महेश पलिया, दीपू दुबे, सुनील त्रिपाठी, राजकुमार शर्मा गुमने, संजय यादव, रमेश कुशवाह, राजू यादव, शिवसिंह, अमन त्रिपाठी, बलवंत सिंह, बासुदेव यादव, संतोष सिंह, रामदत्त, दीपेन्द्र सिंह आदि प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे।