छठवें दिन जारी रहा धरना, वृक्षों की रक्षा हेतु किया दीप यज्ञ

   रविन्द्र बौहरे

भिण्ड, 23 मई। गौरी सरोवर पर वृक्ष बचाओ आंदोलन के तहत चल रहे अनिश्चित कालीन धरने के पांचवे दिन रविवार को गायत्री परिवार महिला मण्डल की माताएं बहनें धरने में शामिल हुईं। उन्होंने समाजसेवियों के साथ मिलकर दीप यज्ञ करके भगवान से सभी वृक्षों की रक्षा करने एवं प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की सद्बुद्धि के लिए प्रार्थना की।
गायत्री परिवार महिला मण्डल की नेत्री श्रीमती ब्रजलता श्रीवास्तव ने कहा कि हमारा प्रशासन जो जघन्य अपराध कर रहा है, वह ना करे और इन वृक्षों को जिंदा रहने दे, यह जिंदा रहेंगे, तो हम जिंदा रहेंगे। पर्यावरण की स्थिति बहुत ही खराब हो रही है, भिण्ड का तापमान तो बहुत ही अधिक है, हम सभी महिलाओं की ओर से प्रशासन से अनुरोध करते हैं कि इन वृक्षों को ना काटा जाए।


सामाजिक कार्यकर्ता महिमा चौहान ने कहा कि इन सभी वृक्षों की रक्षा, सुरक्षा करना हमारी जिम्मेदारी है। कलेक्टर डॉ. इलैया राजा टी के समय हम महिलाओं ने भी यहां पर पौधे लगाए थे और आज जब हमने यहां आकर देखा तो बहुत ही कष्ट हुआ। करीब 25 पेड़ काटे जा चुके हैं, हरे-भरे वृक्ष काटने से गौ हत्या का पाप लगता है। हम विधायक से अनुरोध करते हैं, जो भी विकास कार्य किया जाए, अच्छे से किया जाए, परंतु वृक्षों को छोड़कर किया जाए। जो वृक्ष कट चुके हैं उनका तो हम कुछ नहीं कर सकते, लेकिन अब किसी भी परिस्थिति में एक भी वृक्ष नहीं कटने देंगे।
धरना एवं दीपयज्ञ में मुन्नी श्रीवास्तव, सुनीता शर्मा, प्रतिमा सोनी, नीलम भदौरिया, रेखा भदौरिया, ममता श्रीवास्तव, मुन्नी गौड़, हरेकृष्ण शर्मा आजाद, राजबल सिंह राजावत, रामराज पुरोहित, विक्रांत दीक्षित, जबर सिंह वर्मा, महेश मिश्रा, राजीव दीक्षित, राहुल सिंह कुशवाह, नितिन दीक्षित, सतीश राजावत, धीरेन्द्र भदौरिया, आकाश गुप्ता, अजय दीक्षित, रॉकी तोमर, दानवीर दीक्षित, आशुतोष शर्मा, मोहित तिवारी, धीरज गुप्ता, सोनू बघेल, सेलू सोनी, रविन्द्र मिश्रा, सहित कई पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।