… शेर रखवाली करेगा बकरियों के झुण्ड की

पतलोखरी में श्रीमद् भागवत कथा के दौरान हुआ उजास कवि सम्मेलन

भिण्ड, 26 अप्रैल। मेहगांव जनपद क्षेत्र के ग्राम पतलोखरी में भारद्वाज परिवार द्वारा आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के अवसर पर सोमवार की रात्रि में उजास कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता वरिष्ठ संघ कार्यकर्ता रामशरण पुरोहित तथा संचालन राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित साहित्यकार डॉ. सुनील त्रिपाठी निराला ने किया। कवि सम्मेलन का आयोजन विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी मेहगांव श्यामकिशोर भारद्वाज एवं उनके परिवार द्वारा कराया गया।
सर्वप्रथम काव्यपाठ करते हुए किशोरीलाल बादल ने कहा कि ये शहर तेरा दिल को मेरे भा गया। चलते-चलते कहां से कहां गया।। खूब छाए हैं बादल बरसते भी हैं, पेड़ पौधों को सुखा ये क्यों खा गया। आशुतोष शर्मा नंदू ने कहा कि भूल ना जाना पाक हम, तुम्हारे बाप है। इस ओजस्वी काव्यपाठ के बाद अगले क्रम में विजयगढ़ अंबाह से पधारे रामराज शर्मा ने राष्ट्रवाद के स्वर को मुखरता देते हुए कहा- युद्ध की आवाज सुन सुन गोलियों की धुन सुन, भारती के वीरपुत्र युद्ध सज गए। काल को भी मात दे खेल लुक्काचुप्पी खेल, दुश्मनों की मुंडमाल काली मां को छोड़ गए।। अगले क्रम के रूप में कैलारस मुरैना से पधारे वरिष्ठ साहित्यकार रामेश्वर तिवारी ने छोटे-छोटे शब्दों में व्यंग्य को उभार कर शानदार काव्य पाठ किया।
मंच का संचालन करते हुए राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित साहित्यकार डॉ. सुनील त्रिपाठी निराला ने कहा- जश्न का माहौल हो सरपंच की चौपाल में। तो समझ लेना कोई मछली फंसी है जाल में।। सब नचाते हैं गरीबों को बंदरिया की तरह, एक जैसे हैं मदारी लखनऊ भोपाल में।। डॉ. निराला ने आगे कहा कि यार अब तो हद हुई, इस घोरतम पाखंड की। शेर रखवाली करेगा बकरियों के झुण्ड की।। कवि सम्मेलन में पतलोखरी के सरपंच चंद्रिका प्रसाद भारद्वाज, श्यामकिशोर भारद्वाज, वरिष्ठ भाजपा नेता दिलीप सिंह कुशवाह तथा शिक्षक शैलेन्द्र झा ने कवियों को शॉल श्रीफल भेंट कर सम्मान किया। अंत में आभार हरिओम भारद्वाज ने व्यक्त किया।