बीरमपुरा में गोली चली, तीन घायल

– दामाद को पडोसी ने मारा चांटा, जमकर हुई मारपीट और पथराव

भिण्ड, 02 नवम्बर। शहर के देहात थाना अंतर्गत बीरमपुरा गांव में शनिवार की सुबह आठ बजे ससुराल आए दामाद को पडोसी ने चांटा मार दिया। इसी बात को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। एक पक्ष ने दोनाली बंदूक से गोली चलाई। इस घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां से ग्वालियर रेफर किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार बीरमपुरा गांव में रहने वाले रतन जाटव के घर दामाद सौरभ मल्होत्रा और बेटी आरती आई हुई थी। सुबह के समय सौरभ, रतन के घर के पास ही बाथरुम के लिए जा रहा था तभी पडोसी छेदीलाल जाटव से विवाद हो गया। छेदीलाल व उनके परिवार के लोगों ने सौरभ को गालियां देना शुरू की और चांटा मार दिया। इसी बात पर दोनों पक्षों में जमकर लडाई झगडा हुआ और पथराव एक दूसरे पर करना शुरू कर दिया। घायलों के मुताबिक मारपीट की घटना के दौरान छेदीलाल दुनाली बंदूक लेकर आया जिससे गोली चलाई गई। गोली चलते ही छर्रे से इस घटना में आरती नवीन और आनंद गंभीर रूप से घायल हो गए। नवीन और आनंद के पैरों में गोली के छर्रे लगे है। सभी को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया है जहां से ग्वालियर रेफर कर दिया गया है।