भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है, मैं अपने दायित्व का कर्तव्य, निष्ठा के साथ निर्वहन करूंगा : नरवरिया

मिशन-2023 विधानसभा एवं 2024 लोकसभा में भाजपा का परचम फहराने के लिए जिले के 1480 मतदान केन्द्रों पर संगठनात्मक ताकत को करेंगे मजबूत

भिण्ड, 03 नवम्बर। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित दल है, वो ही हमारी पूंजी है। बूथ केन्द्रों पर पूर्ण कर्तव्य, निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करते हुए भारतीय जनसंघ के प्रेरणा स्त्रोत पं. दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद एवं अंत्योदय की विचारधारा को लेकर सर्वसमाज को साथ, सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास इस विचारधारा को लेकर काम करते है। मिशन-2023 विधानसभा एवं 2024 लोकसभा में भारतीय जनता पार्टीं भिण्ड जिले के 26 मण्डलों के 1480 मतदान केन्द्रों पर संगठनात्मक ढांचे को मजबूती देते हुए जिले की पांचों विधानसभा में भाजपा का परचम फहराकर पुन: हम सत्ता में वापिसी करेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देश-प्रदेश को आत्म निर्भर बनाने के लिए अपनी विकास जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से अंतिम छोर के व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोडऩे का कार्य कर रहे है। यह बात उन्होंने भिण्ड सर्किट हाउस पर पत्रकारवार्ता के दौरान कही। इस अवसर पर जिला महामंत्री धीरसिंह भदौरिया, धर्मसिंह भार्गव, जिला उपाध्यक्ष अनिल कटारे, उपेन्द्र शर्मा, जिलामंत्री डॉ. तरुण शर्मा, उपेन्द्र राजौरिया एवं राधाकृष्ण शर्मा विशेष रूप से मौजूद थे।
भारतीय जनता पार्टी के नवयिुक्त जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया ने कहा कि व्यक्ति जो चाहे वह बन सकता है, यदि वह विश्वास के साथ अपनी इच्छित वस्तु पर लगातार चिंतन करे, व्यक्ति को स्वयं पर विश्वास होना चाहिए कि उसका प्रयास सही और सार्थक दिशा में है, तो उसकी सफलता निश्चित है। पार्टी का कार्यकर्ता संकल्पित होकर प्रतिज्ञाबद्ध हो कि सर्वसमाज को सम्मान देते हुए उनके प्रति उत्तम भाव और दृष्टि रखेंगे। इसी दिशा में हम कार्य करने के लिए आगे बढ़ेंगे, जिले के सभी बूथ जीतने के लिए मेंटीनेंस का कार्य पार्टी कार्यकर्ताओं के परिश्रम से पूरा करेंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा व्यक्ति नहीं विचार के लिए काम करती है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद बीडी शर्मा एवं प्रदेश के संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने जो जिम्मेदारी दी है मैं पार्टी के कार्यकर्ताओं को विश्वास में लेकर उनके मान-सम्मान में कोई कमी नहीं आने दूंगा और अपने दायित्व का निर्वाह करने के लिए पार्टी की विचारधारा को हम 26 मण्डलों के प्रत्येक बूथ केन्द्र पर मजबूती प्रदान करने हेतु आगे बढ़ेंगे। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का जो भार है इस भार को उनके परिश्रम से ही पूरा करते हुए आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि कोविड-19 वैविक महामारी में पार्टी कार्यकर्ताओं ने समर्पित भाव से जनता की जनसेवा की है, यही भाव हम सभी कार्यकर्ताओं में बना रहेगा। केन्द्र और राज्य सरकार की विकास जनकल्याणकारी योजनाएं पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं की टीम करेगी ताकि योजना का लाभ मिले।
नवयिुक्त जिलाध्यक्ष नरवरिया ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि जो कांग्रेस अजा/ अजजा/ पिछड़ा वर्ग की हितैषी बनती थी, जिन्होंने नगरीय निकाय चुनाव में देरी की और समाज को भ्रमित करते रहे कि आरक्षण भाजपा रोक रही है, जबकि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्पष्ट कर दिया था कि हम ओबीसी के आरक्षण पर चुनाव लड़ेंगे और सफलता प्राप्त करेंगे। हमारी पार्टी ने सत्ता और संगठन में समाज को विभिन्न स्थानों पर बिठाकर उन्हें गौरवान्वित करने का प्रयास किया।