भिण्ड, 15 सितम्बर। शासकीय महर्षि अरविन्द महाविद्यालय गोहद में हिन्दी विभाग द्वारा हिन्दी दिवस के उपलक्ष्य में निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें सर्वप्रथम प्राचार्य ने मां सरस्वती का दीप प्रज्वलित एवं वंदना कर कार्यक्रम की शुरुआत की। कार्यक्रम के प्रारंभ में अनेक विद्यार्थीयों द्वारा हिन्दी दिवस पर भाषण प्रस्तुत किए गए।
स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन योजना के नोडल अधिकारी डॉ. विनय श्रीवास्तव ने हिंदी दिवस की शुभकामनाएं दी और कहा कि आधुनिक जमाने में भी हमें अपनी राष्ट्रीय भाषा को नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने आह्वान किया कि आपसी बातचीत में भी हिन्दी भाषा का अधिक से अधिक प्रयोग करना चाहिए। डॉ. संजय गुप्ता ने हिन्दी भाषा के महत्व को समझाया और बताया कि आज भारत ही नहीं बल्कि विदेशों में भी हिन्दी भाषा का महत्व बढ़ता जा रहा है।
डॉ. कदीर खान हिन्दी विभाग ने छात्र-छात्राओं को हिन्दी दिवस की ढेर सारी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने हिन्दी भाषा को बढ़ावा देने तथा हमारे जीवन में इसकी भूमिका के बारे में बात की। उन्होंने कहा कि हिंदी हमारी पहचान है और हमें इसे गर्व के साथ अपनाना चाहिए। डॉ. कृष्ण कुमार थापक हिन्दी विभाग ने कहा कि हम सभी को आज प्रण लेना चाहिए कि हम हिन्दी को राष्ट्रभाषा का दर्जा दिलाने में सहयोग प्रदान करेंगे और राष्ट्र के नवनिर्माण में अपनी अहम भूमिका अदा करेंगे। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि हम अपने छात्रों को हिन्दी भाषा के प्रति जागरूक करें और उन्हें इसका सम्मान करना सिखाएं, यह भाषा संवाद का माध्यम नहीं बल्कि हमारी संस्कृति की आत्मा है।
अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एआर सागर ने कहा कि हिन्दी न केवल हमारी मातृभाषा है, बल्कि हमारी संस्कृति और विरासत का भी प्रतीक है तथा हिन्दी की उपयोगिता को समझाते हुए उसके प्रचार प्रसार के लिए भी प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन पूजा अनंत ने एवं आभार डॉ. कृष्ण कुमार थापक ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में तमाम विद्यार्थी एवं समस्त महाविद्यालय स्टाफ उपस्थित था।