कौशिक महाराज की शिव महापुराण कथा 14 से, निकलेगी कलश यात्रा

ग्वालियर, 13 मई। विश्व जागरण मानव सेवा संघ चेरिटेबल ट्रस्ट शाखा ग्वालियर द्वारा 14 से 23 मई तक शिव महापुराण कथा कौशिक महाराज श्रीधाम वृंदावन के श्रीमुख से होगी। कथा शिवलोक धाम फृलबाग मैदान पर दोपहर तीन बजे से शाम सात बजे तक होगी। इससे पहले 14 मई को शाम 4 बजे से सनातन धर्म मन्दिर अचलेश्वर मार्ग से गाजे-बाजे के साथ भव्य कलश यात्रा में की जाएगी। इसमें लगभग 5100 महिलाएं सिर पर कलश धारण कर चलेंगी। कलश यात्रा में शिव महापुराण कथा वाचक कौशिक महाराज रथ पर सवार रहेंगे। वहीं कलश यात्रा का मार्ग में अनेक स्थानों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया जाएगा। कलश यात्रा सनातन धर्म मन्दिर से शुरू होकर इंदरगंज चौराहा, जयेन्द्र गंज, नदी गेट, गुरूद्वारा, डीडी मॉल होते हुए कथा स्थल फूलबाग मैदान पर पहुंचेगी। उल्लेखनीय है कि यह कथा एक लाख गौवंश के आश्रय के लिए कौशिक महाराज द्वारा की जा रही है। यह जानकारी मंगलवार को कार्यक्रम संयोजक एवं विधायक ग्वालियर पूर्व डॉ. सतीश सिंह सिकरवार एवं गौतीर्थ तुलसी तपोवन गौशाला वृंदावन से आए विश्व जागरण मानव सेवा संघ चैरिटेबल ट्रस्ट के सचिव रामदेव शास्त्री ने पत्रकारों को दी।
कार्यक्रम संयोजक एवं विधायक डॉ. सिकरवार ने बताया कि इस कथा का उद्देश्य वर्तमान समय में मानव भौतिक रूप, रोजगार की समस्या एवं दैहिक बीमारियों से ग्रसित है। भगवान भोलेनाथ की कथा न केवल भौतिक बाधाओं का निवारण करती है तथा वह मोक्षदायिनी भी है। सर्वे भवंतु सुखिन: की भावना से गालव ऋषि की तपोभूमि पर गौवंश के संरक्षण एक लाख गौ माता की सेवा का संकल्प धारण कर अन्न का त्याग करने वाले पुराण मनीषी कौशिक महाराज के श्रीमुख से शिव महापुराण कथा का श्रवण कराएंगे तथा आशुतोष भगवान भोलेनाथ की भक्ति से अधम से अधम मनुष्य का किस प्रकार कल्याण होता है, यह भी बताएंगे। कथा में प्रथम दिवस मंगलाचरण होगा, शिव महापुराण की कथा कौशिक महाराज के श्रीमुख से दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक होगी। महाराज की कथाएं पूर्व में ग्वालियर एवं चंबल संभाग में हो चुकी हैं, उसमें पधारे अपार जन समुदाय को देखते हुए विशाल वाटरप्रूफ पण्डाल, भव्य मंच, वाटर कूलर, शीतल जल व्यवस्था प्रजापति समाज द्वारा की जा रही है। चरण पादुका सेवा हेतु सेवा धारियां की एक समिति का गठन किया गया है। वाहन पार्किंग की नि:शुल्क व्यवस्था की गई है। बैठक व्यवस्था हेतु आमंत्रित अतिथि कक्ष, पत्रकार बंधु कक्ष, संत समाज की व्यवस्था के साथ-साथ महिलाओं एवं पुरुषों की बैठक व्यवस्था अलग-अलग की जा रही है तथा समस्त व्यवस्था हेतु समितियों का गठन किया गया है। इस मौके पर उमेश उप्पल, राम पाण्डेय, रामबाबू अग्रवाल, एमआईसी सदस्य अवधेश कौरव, महेन्द्र शुक्ला एवं आदित्य शर्मा आदि मौजूद थे।