आलमपुर क्षेत्र में बारिश से फसलों को भारी नुकसान, किसान चिंतित

भिण्ड, 09 अक्टूबर। मानसून की विदाई के बाद पिछले दो-तीन दिन से हो रही बारिश के चलते आलमपुर सहित अंचल के अनेक किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। खेतों में बर्वाद होती फसल को देखकर किसान चिंतित हो उठे हैं और उनकी आंखों में आंसू छलक आए हैं।
हमारे आलमपुर संवाददाता ने बताया कि खरीफ फसल के दौरान आलमपुर क्षेत्र के अधिकांश किसान धान की फसल किए हुए है और इस समय अनेक किसानों की धान की फसल हरी भरी एवं पकी हुई अवस्था में खेतों में कटने के लिए खड़ी हुई है। लेकिन आलमपुर सहित अंचल में बीते दो दिन से हो रही बारिश और तेज हवा के चलते अनेक किसानों की धान की फसलें खेतों में बिछ गई है। जिससे अनेक किसानों की धान की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। तो वहीं जो किसान ज्वार, बाजरा, तिल, उड़द, मूंग इत्यादि की फसलें किए हुए हैं। उन किसानों की फसलों को भी बारिश से भारी नुकसान पहुंचा है। खेत में कटी रखी फसल तथा पकी खड़ी फसल के दाने पुन: अंकुरित होने लगे हैं। बीते शनिवार की रात में भी आलमपुर क्षेत्र में करीब एक घण्टे झमाझम बारिश हुई है। रविवार की देर शाम खबर लिखे जाने तक भी आसमान पर घनघोर बादल छाए हुए थे और बारिश के आसार नजर आ रहे थे। मानसून की विदाई के पश्चात हो रही बारिश से सरसों की बुवाई भी प्रभावित होने की पूरी-पूरी संभावना है।