भिण्ड, 09 अक्टूबर। ईद मिलाद उन-नबी का पवित्र त्यौहार रविवार को मौ में हिन्दू- मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भाईचारे के साथ मनाया। इस अवसर पर नगर के मुख्य सड़क मार्ग से जुलूस निकाला गया। इस त्यौहार को भारत के सभी मुसलमान काफी जोर-शोर और पूरे एहतराम के साथ मनाते हैं। इसे ईद-ए-मिलाद या बारावफात के नाम से भी जानते है।
बता दें कि इस्लामिक कैलेंडर के मुताबिक 12 रबी-उल-अव्वल की तारीख में होने वाला त्योहार मुस्लिम समुदाय के लिए काफी ज्यादा महत्व रखने वाला है। इसी दिन पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की पैदाइश हुई थी और इसी तारीख को ही वो इस दुनिया से रुख्सत (पर्दा) फरमा गए थे। पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब इस्लाम धर्म के संस्थापक हैं। इस दिन को दुनियाभर के मुसलमान काफी उरूज के साथ मनाते हैं। उनके बताए पैगाम को दीनी महफिलों में बताया जाता है और उस पर अमल करने की बारें में बताया जाता है। विशेष नमाजें मुसलमान अदा करते हैं। साथ ही पूरे दिन और रात इस उत्सव को मनाया जाता है। कार्यक्रम में मौ नगर के समस्त मुस्लिम समुदाय के लोग शामिल हुए।