युवामोर्चा प्रदेशभर में 75 लाख पौधारोपण कर हरा-भरा मप्र बनाएगा
भिण्ड, 04 सितम्बर। भारतीय जनता युवामोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अतुल रमेश पाठक ने हरा भरा मप्र अभियान को लेकर कहा कि यह एक ऐसा अभियान है, जिसके द्वारा युवामोर्चा के कार्यकर्ता संपूर्ण मप्र में पर्यावरण संरक्षण तथा ग्लोबल वार्मिंग जैसे संकट का सामना करने के लिए 75 लाख पौधे रोपेंगे। उन्होंने कहा है कि इस अभियान को जन अभियान बनाना है, इसके लिए युवामोर्चा कार्यकर्ता शहरी वार्डों में और ग्रामीण पंचायतों में पौधारोपण करेगा। पौधारोपण के माध्यम से हमें प्रकृति के प्रति अपनी नैतिक कर्तव्य का निर्वहन करना है।
युवामोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अतुल रमेश पाठक ने कहा कि इस अभियान के अंतर्गत तीन चरणों में 75 लाख पौधे संपूर्ण मप्र में रोपे जाएंगे और हमारे भिण्ड जिले में तीन चरणों में एक लाख 35 हजार पौधे रोपे जाएंगे। पहला चरण 11 सितंबर से शुरू होगा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर तक चलेगा, द्वितीय चरण 18 सितंबर से शुरू होगा और 25 सितंबर को पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती तक चलेगा और अंतिम तृतीय चरण 26 सितंबर से शुरू होगा और महात्मा गांधी जयंती दो अक्टूबर तक चलेगा।