भाजपा कार्यकर्ताओं ने पौधारोपण कर मनाया विश्व पर्यावरण दिवस

भिण्ड, 06 जून। भाजपा कार्यकर्ताओं ने सुभाष चंद्र बोस मण्डल में पौधारोपण कर विश्व पर्यावरण दिवस मनाया। इस अवसर पर भाजयुमो प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अतुल रमेश पाठक, भाजपा जिला मंत्री उपेन्द्र राजौरिया, मण्डल अध्यक्ष प्रदीप भदौरिया टीपू विशेष रूप से मौजूद रहे।
कार्यक्रम में युवामोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अतुल रमेश पाठक ने कहा कि पूरी सृष्टि प्रकृति और पर्यावरण पर निर्भर है। जीने के लिए जिस हवा, पानी, खाद्य की जरूरत होती है, वह पर्यावरण की देन है। इनके बिना सृष्टि और किसी जीव की कल्पना भी नहीं की जा सकती। हमारे आस-पास का वातावरण पेड़ पौधे, नदी, जंगल और पहाड़ आदि से घिरा है। इसी को तो प्रकृति कहते हैं। इसलिए आज पौधारोपण करके हम पर्यावरण संरक्षण कर सकते हैं। अगर प्रकृति संरक्षित होगी तो मानवीय जीवन सुरक्षित होगा।
भाजपा जिला मंत्री उपेन्द्र राजौरिया ने कहा कि यह पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता बढ़ाने का दिन है। क्योंकि जंगल घटता जा रहा है और कंक्रीट जंगल बढ़ता जा रहा है। पर्यावरण को बचाने की जरूरत है, ताकि भविष्य संवर सके। हमें समझने की जरूरत है कि हम कुदरत से हैं, कुदरत हम से नहीं। भाजपा मण्डल अध्यक्ष प्रदीप भदौरिया टीपू ने कहा कि इस धरती ने हमें जो सबसे सुंदर उपहार दिया है, वह है प्रकृति। मानव सभ्यता का अस्तित्व और विकास इसी धरती की आबो हवा के सहारे टिका है। लेकिन पिछले कुछ दशकों की तेज रफ्तार विकास के बीच हमने प्रकृति की अहमियत को नजरअंदाज किया है।
इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने ज्यादा से ज्यादा पौधारोपण करने का संकल्प लिया है। कार्यक्रम में सोशल मीडिया सह प्रभारी शेखर खटीक, आदित्य भदौरिया, संजय श्रीवास, सुमित शर्मा, सनी भदौरिया, सौरभ भदौरिया, हेम कुमार आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।