– मंत्री शुक्ला के नेतृत्व में ढोल-नगाडों के साथ निकली भव्य तिरंगा यात्रा
– तिरंगा यात्रा के माध्यम से दिया देशभक्ति का संदेश
भिण्ड, 13 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व मप्र शासन की मंशा अनुसार प्रदेशभर में 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य देश के राष्ट्रीय गौरव एवं एकता को बढावा देना है। बुधवार को नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला के नेतृत्व में हर घर तिरंगा अभियान के तहत नगर परिषद गोरमी में गोरमी बाजार से नगर परिषद कार्यालय तक, नगर परिषद मेहगांव में पुलिस थाना से महात्मा गांधी की प्रतिमा तक, नगर परिषद रौन में शा. उत्कृष्ट उमावि रौन से रौन बाजार तक ढोल-नगाडों और बैण्ड-बाजे के साथ भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा में बैण्ड के साथ स्कूली छात्र-छात्राएं तिरंगा हाथ में लिए देशभक्ति के नारे लगाते हुए कदम से कदम मिलाकर चल रहे थे।
तिरंगा यात्रा समापन के उपरांत आयोजित कार्यक्रम के दौरान नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने कहा कि यह तिरंगा हमारा मान और सम्मान है। आज हमारा तिरंगा विश्व पटल पर लहरा रहा है। यह तिरंगा हमें स्वतंत्रता संग्राम के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की याद दिलाता है। यह तिरंगा वही तिरंगा है जिसकी शक्ति के आधार पर एक नये विकसित भारत का आगाज हो रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा और प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान आने वाली पीढियों को राष्ट्र के प्रति प्रेमभाव जागृत करने एवं राष्ट्र के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराने का माध्यम है। हमारा राष्ट्रीय ध्वज ‘तिरंगा’ न केवल आजादी की गाथा है, बल्कि यह हमारी एकता, अखंडता और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक भी है।
नवकरणीय ऊर्जा मंत्री शुक्ला ने जिले वासियों से अपील कर कहा कि इस गौरवशाली अभियान में भाग लें। अपने घर, कार्यालय, दुकानों और वाहनों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति अपने सम्मान को व्यक्त करें और इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाएं। तिरंगा यात्रा में जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया, जनपद अध्यक्ष, नगर परिषद अध्यक्ष, एसडीएम मेहगांव नवनीत शर्मा, बडी संख्या में जनप्रतिनिधियों, छात्र-छात्राओं एवं नगर वासियों ने भाग लिया।
मंत्री शुक्ला का भ्रमण कार्यक्रम
प्रदेश के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग केबिनेट मंत्री राकेश शुक्ला 14 अगस्त को सुबह 11 बजे ग्वालियर से कार द्वारा प्रस्थान कर अमायन आएंगे। दोपहर 12.30 बजे अमायन में तिरंगा यात्रा में सम्मिलित होने के बाद दोपहर 2 बजे अमायन से कार द्वारा बेहट, ग्वालियर, मोहना, बेराड, पोहरी होते हुए श्योपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।