देश तो 1947 में स्वतंत्र हो गया था, लेकिन हमें पूर्ण आजादी 2014 में मिली : आर्य

– गोहद में निकली ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा
– हाथों में तिरंगा, दिल में देशभक्ति की भावना लेकर सडकों पर निकले लोग

भिण्ड, 13 अगस्त। अमृत महोत्सव के तहत गोहद विधानसभा में नगर, ग्रामीण एवं चितोरा मण्डल के संयुक्त तत्वावधान में तिरंगा यात्रा का आयोजन भाजपा अजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य, जिलाध्यक्ष देवेन्द्र नरवरिया, यात्रा संयोजक सज्जन सिंह यादव, गब्बर सिंह गुर्जर, पुष्पेन्द्र सिंह गुर्जर के नेतृत्व में किया गया।
यात्रा का शुभारंभ अटल चौक से हुआ, यात्रा गोलंबर तिराहा, गंज बाजार, किला गेट, सदर बाजार, इटायली गेट होते हुए नया बस स्टैण्ड अग्रसेन चौक पहुंचकर समापन हुआ। इस अवसर पर भाजपा द्वारा ग्राम बरथरा में शहीद के परिजनों का सम्मान किया गया। गोहद नगर में तिरंगा यात्रा का अभूतपूर्व स्वागत किया गया। स्थान-स्थान पर पुष्पवर्षा की गई। इस यात्रा में स्थानीय प्रशासन, नगर पालिका, शासकीय, निजी शिक्षण संस्थान के छात्र-छात्राओं व विद्याराम परिवार एवं प्रजापिता ईश्वरीय विश्वविद्यालय परिवार भी साथ था। मंच संचालन विवेक जैन ने किया।

अग्रसेन चौक पर तिरंगा यात्रा के समापन अवसर पर पूर्वमंत्री लालसिंह आर्य ने कहा कि हमारा देश तो सन 1947 में स्वतंत्र हो गया था, लेकिन हमें पूर्ण आजादी 2014 में मिली, जब हर नागरिक को तिरंगा फहराने का अधिकार मिला। उन्होंने कहा कि हिन्दुस्तान में 50 वर्ष से अधिक समय तक राज्य करने वाली सरकारों ने आखिर हमारे वीर शहीदों को सम्मान देने के बारे में क्यों नहीं सोचा, राष्ट्र के प्रति समर्पण व वीर शहीदों के प्रति आदर सम्मान सिर्फ भाजपा ही सोच सकती है। आज हमारे देश की सेनाएं निर्णय लेने के लिए स्वतंत्र हैं, उसका ही परिणाम है ऑपरेशन सिंदूर की सफलता उसका प्रमाण है, आज हमारी सेनाएं दुश्मन को घर में घुसकर मारने का जज्बा रखती हैं। गोहद एसडीएम पराग जैन ने कहा कि गोहद नगर में आयोजित तिरंगा यात्रा ऐतिहासिक यात्रा है, जिसमें पांच हजार से अधिक स्कूली बच्चों सहित लोगों ने शिरकत की।