विधायक नरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में निकली नगर पालिका की भव्य तिरंगा यात्रा, गूंजे देशभक्ति के नारे

भिण्ड, 13 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का संदेश देने हेतु भिण्ड नगर पालिका द्वारा बुधवार को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक यात्रा का नेतृत्व विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह ने स्वयं किया, जिनकी उपस्थिति से कार्यक्रम में उत्साह और जोश का संचार हुआ।
यात्रा की शुरुआत नगर पालिका परिसर से हुई, जहां विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह ने नगर वासियों से देश की एकता, अखण्डता और विकास के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारा गौरव है, यह सिर्फ एक ध्वज नहीं बल्कि हमारी आजादी, बलिदान और गौरवमयी इतिहास का प्रतीक है। हमें इसके सम्मान और देशहित में हमेशा एकजुट रहना चाहिए। तिरंगा यात्रा नगर पालिका परिसर से प्रारंभ होकर शास्त्री चौराहा, मुख्य मार्गों से होते हुए पुन: नगर पालिका परिसर में समाप्त हुई। इस दौरान नगर पालिका उपाध्यक्ष भानु भदौरिया, पार्षदगण, अधिकारी-कर्मचारी और बडी संख्या में नगरवासी शामिल हुए। सभी हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयघोष कर रहे थे। पूरे मार्ग में देशभक्ति गीतों और नारों से वातावरण गूंज उठा। लोगों ने जगह-जगह तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। यात्रा के दौरान विधायक कुशवाह ने बच्चों और युवाओं को राष्ट्रप्रेम एवं कर्तव्यनिष्ठा का संदेश दिया। नगर पालिका प्रशासन ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य नई पीढी में देशभक्ति की भावना जगाना और स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास से प्रेरणा लेना है।