निगम कर्मचारियों की पदोन्नति के संबंध में सभापति तोमर ने निगमायुक्त को लिखा पत्र

ग्वालियर, 08 मई। सभापति मनोज सिंह तोमर ने नगर निगमायुक्त संघप्रिय को पत्र लिख कर निगम कर्मचारियों को पात्रता अनुसार पदोन्नति किए जाने की मांग की है।
सभापति तोमर द्वारा लिखे गए पत्र के माध्यम से कर्मचारी संगठन एवं निगम कर्मचारियों द्वारा समय-समय पर ज्ञापनों, आवेदन पत्रों के माध्यम से पात्रता अनुसार पदोन्नति किए जाने की मांग की जाती रही है। किन्तु काफी लम्बे समय से निगम में पदोन्नति की कार्रवाई न होने से न केवल कर्मचारियों में रोष व्याप्त है, बल्कि इसके कारण कर्मचारियों में हीनता की भावना आकर मनोबल गिरता जा रहा है। जबकि प्रदेश के अन्य निगमों यथा भोपाल, इंदौर, जबलपुर आदि में कर्मचारियों की पदोन्नति के प्रकरणों का निराकरण किया जा रहा है। निगम के अंतर्गत कई कर्मचारी ऐसे हैं जो बिना पदोन्नति के सेवानिवृत्त हो चुके हैं, कई कर्मचारी ऐसे हैं जो सेवानिवृत्ति के निकट हैं तथा कई कर्मचारी ऐसे हैं जो वरिष्ठ पद के योग्य होकर व उस पद के लिए निर्धारित वेतनमान से कहीं अधिक वेतन प्राप्त कर रहे हैं उनकी मात्र पदोन्नति के माध्यम से पद नाम दिया जाना है।
ज्ञातव्य है कि निगम में पदोन्नति न होने से विभिन्न पदों पर प्रभार के माध्यम से वरिष्ठ पद का कार्य लिया जा रहा है। निगम द्वारा कुछ माह पूर्व ही कर्मचारियों की पदोन्नति की कार्रवाई हेतु नियमानुसार पदोन्नति समिति का गठन किया जाकर कार्रवाई प्रारंभ भी की गई थी किन्तु यह कार्रवाई अत्यंत धीमी गति से होने के कारण कर्मचारियों में निरंतर रोष बढता जा रहा है। अत: उक्त तथ्यों को दृष्टिगत रखते हुए निगम के समस्त विभागों के पात्र कर्मचारियों की शासन नियमानुसार शीघ्र पदोन्नति की कार्रवाई प्रारंभ की जाए।