भाजपा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष देवेन्द्र नरवरिया 12 को भिण्ड आएंगे

अमित शाह के कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मालनपुर में होगी बैठक

भिण्ड, 09 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत धार जिले के माण्डू में चल रहे तीन दिवसीय प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग के समापन के बाद 12 अक्टूबर को भिण्ड आएंगे। उनके प्रथम नगर आगमन के दौरान जिले के कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया जाएगा।
इसके अलावा 16 अक्टूबर को केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह की जनसभा एवं एयरपोर्ट के भूमिपूजन कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मनिहार होटल मालनपुर में जिले के अपेक्षित पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों की बैठक में लेंगे। बैठक में केन्द्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, भाजपा अजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सांसद संध्या राय, प्रदेश उपाध्यक्ष चौ. मुकेश सिंह चतुर्वेदी, जिले के प्रभारी मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत, सहकारिता एवं लोकसेवा प्रबंधन मंत्री डॉ. अरविंद सिंह भदौरिया, नगरीय प्रशासन आवास राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया, निगम अध्यक्ष शैलेन्द्र बरुआ, रणवीर जाटव, डॉ. राजकुमार कुशवाहा प्रमुख रूप से शिरकत करेंगे।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष उपेन्द्र शर्मा ने बताया कि पार्टी के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष 12 अक्टूबर को अपने निर्धारित प्रथम नगर आगमन के तहत 10 बजे ग्वालियर पड़ाव से हनुमान मन्दिर से दर्शन कर भिण्ड जिले के लिए प्रस्थान करेंगे, 10.30 बरेठा टोल प्लाजा पर जिले के कार्यकर्ताओं द्वारा उनकी अगुवानी करते हुए स्वागत किया जाएगा। 10.45 बजे मालनपुर मनोहर होटल में जिले की बैठक में शामिल होंगे। 11.30 बजे मालनपुर से भिण्ड के लिए प्रस्थान कर दोपहर एक बजे गोहद चौराहे, दो बजे मेहगांव, शाम चार बजे व्यापार मण्डल धर्मशाला भिण्ड में आभार सभा में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि मालनपुर बैठक में वर्तमान एवं पूर्व सांसद एवं विधायक, प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य भाजपा, मोर्चा प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक, जिला अध्यक्ष और संयोजक, जिला पंचायत, जनपद, नगर पालिका, नगर परिषदों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष जिले के पार्टी के समस्त पदाधिकारी, मण्डल अध्यक्ष, पूर्व जिला अध्यक्ष भाजपा को आमंत्रित किया गया है। सभी अपेक्षित पदाधिकारी समय से मनिहार होटल में पहुंचने अपील की है।