रतनगढ़ जाते समय तीन हादसों में एक श्रद्धालु की मौत, 5 गंभीर घायल

– सड़क पर पड़ी मृत गाय से 3 मोटर साइकिलें टकराईं

भिण्ड, 23 अक्टूबर। रतनगढ़ माता मंदिर दर्शन के लिए निकले श्रद्धालुओं की आस्था यात्रा एक हादसे में बदल गई। देर रात मौ-सेंवढ़ा मार्ग पर सड़क पर पड़ी एक मृत काली गाय से तीन बाइकें अलग-अलग समय पर टकरा गईं। इन हादसों में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटनाएं बुधवार देर रात 10 बजे से लेकर गुरुवार सुबह तीन बजे के बीच हुईं। सभी घायलों को इलाज के लिए पहले मेहगांव अस्पताल और फिर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार अजीत पुत्र विश्राम सिंह यादव उम्र 25 वर्ष एवं आनंद पुत्र राजबहादुर सिंह यादव उम्र 23 वर्ष निवासी अकोड़ा, रतनगढ़ माता मंदिर दर्शन के लिए निकले थे। रात करीब 10 बजे मौ-सेंवढ़ा हाइवे पर रास्ते में मृत पड़ी एक काली गाय से उनकी बाइक टकरा गई। इस हादसे में अजीत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आनंद गंभीर रूप से घायल हो गया। इसी मार्ग पर रात 10.30 बजे अकोड़ा गांव के ही 22 वर्षीय शिशुपाल यादव पुत्र मेघनाथ यादव और 23 वर्षीय जितेंद्र यादव पुत्र राजवीर सिंह यादव भी उसी मृत गाय से टकरा गए। इस हादसे में दोनों युवक घायल हो गए और उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
इसके बाद रात तीन बजे रतनगढ़ से वापस लौट रहे 40 वर्षीय प्रेमसिंह यादव पुत्र भागीरथ यादव और 26 वर्षीय संजय यादव पुत्र चंद्रभान सिंह यादव, (निवासी हैवतपुरा थाना देहात) भी उसी स्थान पर मृत गाय से टकरा गए। इस हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। सड़क पर मृत गाय होने की सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे हटवाया और हादसे की जांच शुरू कर दी है।