ऊमरी में 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मंजूर

विधायक संजीव सिंह द्वारा स्वास्थ्य केन्द्र के उन्नयन के लिए शासन को भेजे प्रस्ताव पर लगी मंजूरी की मोहर

भिण्ड, 22 सितम्बर। छह बिस्तरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र से 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में उन्नयन होने से ऊमरी सहित आस-पास की कई ग्राम पंचायतों को इसका लाभ मिलेगा। इसके लिए भिण्ड विधायक संजीव सिंह कुशवाह ने पूर्व में शासन को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का उन्नयन करने के लिए प्रस्ताव भेजा था। जिस पर शासन ने स्वीकृति की मोहर लगा दी है।
भिण्ड से लगभग 15 किमी दूर ऊमरी ग्राम पंचायत में अब तक छह बिस्तरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र संचालित था। जिससे आसपास के कई गांव स्वास्थ्य बिगडऩे पर भिण्ड अस्पताल की ओर भागते हैं, कभी-कभी स्थिति ऐसी भी बन जाती है कि जिला अस्पताल दूर होने की वजह से कई मरीजों को अपनी जान गंवानी पड़ी। इस समस्या से भी लोगों को जल्द मुक्ति मिल जाएगी। विधायक संजीव सिंह कुशवाह के प्रयासों से शासन द्वारा 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र की मंजूरी मिल चुकी है। जो लगभग एक वर्ष में बनकर तैयार हो जाएगा।
इस अवसर पर विधायक संजीव सिंह कुशवाह ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र खुलने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। लोगों को रात में भिण्ड आने में काफी परेशानी होती थी, क्षेत्रवासियों द्वारा कई वर्षों से मांग की जा रही थी, जिसे पूरा किया गया है। इस स्वास्थ्य केन्द्र से ऊमरी सहित आस-पास के सैकड़ों गांवों के लोगों को चिकित्सा सुविधा के लिए भिण्ड अस्पताल जाने से निजात मिलेगी हीं साथ में निजी अस्पतालों के खर्चे से भी मुक्ति मिलेगी।

इन गांव को मिलेगा लाभ

ऊमरी क्षेत्र के आस-पास आने वाले गांव बराकलां, कनावर, बझाई, पाण्डरी, पुलावली, लहरौली, टेहनगुर, सगरा, सरसई, मधुपुरा, द्वार, सनावई, किशोर सिंह का पुरा, बिलाव, सिंहुड़ा, नुन्हाटा अकोड़ा एवं सिकाहटा आदि सहित अनेक गांव के लोगों को स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिलेगा। अब तक इन्हें उपचार हेतु 20 किमी दूर भिण्ड जिला अस्पताल इलाज के लिए जाना पड़ता था।