गीतकार डॉ. शिवेन्द्र को मिला हिन्दी सेवी सम्मान 2022

मिहोना, 15 सितम्बर। हिन्दी दिवस के अवसर पर क्षेत्र के वरिष्ठ गीतकार डॉ. शिवेन्द्र सिंह शिवेन्द्र को मप्र की लब्ध प्रतिष्ठ संस्था मध्य भारतीय हिन्दी साहित्य सभा द्वारा वर्ष 2022 का हिन्दी सेवी सम्मान प्रदान किया गया। साहित्य सभा दौलतगंज ग्वालियर में उन्हें एक भव्य सम्मान समारोह में शॉल, श्रीफल, प्रशस्ति पत्र, प्रतीक चिन्ह एवं 21 हजार रुपए का चैक प्रदान किया गया। डॉ. शिवेन्द्र को यह सम्मान उनकी एक दर्जन प्रकाशित काव्य कृतियों एवं उनकी सतत् साहित्य साधना हेतु प्रदान किया गया है। समारोह के मुख्य अतिथि ग्वालियर सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, विशिष्ट अतिथि ग्वालियर कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, विशिष्ट वक्ता अखिल भारतीय साहित्य परिषद के राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्रीधर पराडकर और समारोह की अध्यक्षता राजा मानसिंह संगीत विश्वविद्यालय के कुलपति साहित्य कुमार नाहार ने की। इस मौके पर डॉ. शिवेन्द्र सिंह के मुक्तकों से साहित्य सभा गूंज उठी। उपस्थित शहर के वरिष्ठ साहित्यकारों ने उन्हें बधाई दी। कार्यक्रम का संचालन रेखा साहित्य सभा के अध्यक्ष डॉ. कुमार संजीव एवं आभार प्रदर्शन मंत्री उपेन्द्र कस्तुरे ने किया।