कलेक्टर ने बच्चों को खिलाई एल्बेंडाजोल की गोली

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति कार्यक्रम का किया शुभारंभ

भिण्ड, 13 सितम्बर। बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने के लिए राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ सिटी सेंट्रल स्कूल भिण्ड में किया गया। जिसमें कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, सीएमएचओ डॉ. यूपीएस कुशवाह, जिला शिक्षा अधिकारी हरिभुवन सिंह तोमर ने छात्र-छात्राओं को एल्बेंडाजोल गोली खिलाई।
कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने के लिए बच्चों को एल्बेंडाजोल गोली लेकर अभियान में सहयोग देने व अपने आस पास के बच्चों को भी कृमि संक्रमण से मुक्ति के बारे में जानकारी प्रदान करने की बात कही। उन्होंने बच्चों को पानी उबाल कर व साफ पानी पीने की बात कही। उन्होंने कहा कि बच्चों को साफ-सफाई की आदतों को अपनाना चाहिए। कृमि संक्रमण से सुरक्षा के लिए भोजन करने से पहले हाथ जरूर धोना चाहिए। कृमि की बीमारी से बच्चों में हिमोग्लोबिन की कमी होती है। जिससे थकान रहती है और अन्य बीमारियां भी होती हैं। उन्होंने कहा कि कृमि वह परजीवी हैं, जो मनुष्य के आंत में रहते हैं और जीवित रहने के लिए मानव शरीर के जरूरी पोषक तत्व को खाते हैं। कृमि संक्रमण भारत में एक प्रमुख जन स्वास्थ्य समस्या है और यह बच्चों की शारीरिक, मानसिक और शैक्षणिक विकास पर हानिकारक प्रभाव डालते हैं। इनसे एनीमिया और कुपोषण का भी खतरा रहता है। एल्बेंडाजोल डब्ल्यूएचओ द्वारा अनुमोदित दवा है, जिसका उपयोग पूरे विश्व में बच्चों और किशोरों में आंत के कृमि संक्रमण को रोकने के लिए किया जाता है।