भिण्ड, 25 मार्च। मौ थाना क्षेत्र के इकोरी गांव में जमीनी विवाद के चलते चार लोगों ने एक किसान को गोली मार दी, गोली उसके दाहिने पैर की पिडली में लगी है। घायल को उपचार के लिए ग्वालियर के जेएएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खास यह है कि फरियादी और आरोपी दोनों आपस में ममेरे और फुफेरे भाई हैं।
मौ टीआई शिवसिंह यादव ने बताया कि सुजान सिंह (55) पुत्र चंदन सिंह गुर्जर निवासी इकोरी ने 27 साल पहले अमर सिंह गुर्जर निवासी प्रतापपुरा से साढ़े तीन बीघा जमीन 60 हजार रुपए में खरीदी थी। लेकिन जमीन खरीदने के बाद उन्होंने उसकी रजिस्ट्री नहीं कराई थी। बल्कि कब्जा लेकर उसे जोत रहे थे। वहीं अब इस जमीन की कीमत 10 लाख रुपए से अधिक है। ऐसे में अमर सिंह के लड़कों का कहना है कि उन्होंने जमीन बेची नहीं थी बल्कि गिरवी रखी थी। अब वे पैसा लौटा रहे हैं, लेकिन सुजान सिंह जमीन नहीं छोड़ रहे हैं। इसी बात पर दोनों लोगों में विवाद चल रहा है। इसी विवाद के चलते रात 10 बजे नाथूराम गुर्जर के खेत के पास दोनों पक्षों में विवाद हो गया, जिसमें फायरिंग भी हुई, इस फायरिंग में एक गोली सुजान सिंह के दाहिने पैर की पिडली में लगी और वे घायल हो गए। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सुजान सिंह की फरियाद पर भारत सिंह, सोनू सिंह, कल्ला गुर्जर और अमर सिंह गुर्जर निवासीगण प्रतापपुरा के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।