जिला कार्यकारिणी में नरवरिया समाज को प्रतिनिधित्व न मिलने से नाराज समाज के लोगों ने भाजपा जिलाध्यक्ष को नहीं दी मंच पर जगह

भिण्ड, 20 मार्च। गोरमी क्षेत्र के ग्राम दोनियापुरा में आयोजित विशाल जनसभा एवं वीरांगना अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा अनावरण में पहुंचीं पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती की सभा में भाजपा जिला अध्यक्ष एवं मण्डल अध्यक्षों को मंच पर जगह नहीं मिली।


जानकारी के अनुसार भाजपा की नवीन जिला कार्यकारिणी में नरवरिया समाज को प्रतिनिधित्व न मिलने से नाराज समाज के नेताओं ने भाजपा के पदाधिकारियों एवं जिला अध्यक्ष, मण्डल अध्यक्षों को मंच पर जगह नहीं दी। जिलाध्यक्ष नाथूसिंह गुर्जर, जिला महामंत्री धीरसिंह भदौरिया एवं मण्डल अध्यक्ष सुभाष थापक मंच के नीचे बैठे नजर आए। बाद में राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया एवं कैबिनेट मंत्री अरविंद भदौरिया के हस्तक्षेप के बाद जिलाध्यक्ष नाथूसिंह गुर्जर मंच पर पहुंचे। बहरहाल नरवरिया समाज को भाजपा में प्रतिनिधित्व न मिलने से नाराज समाज ने भाजपा को बता दिया कि हम विकल्प भी तलाश कर सकते हैं। वहीं जिला अध्यक्ष की कार्यकारिणी को लेकर जगह-जगह असंतोष व्याप्त है। सर्व समाज के लोगों का प्रतिनिधित्व न होने से भी असंतोष व्याप्त है। वहीं भाजपा में भी नरवरिया समाज के लोगों में अंतर्कलह के स्वर फूटने लगे हैं।