भिण्ड, 20 मार्च। मेहगांव क्षेत्र के ग्राम दोनियापुरा में वीरांगना अवंतीबाई की प्रतिमा का लोकार्पण करने पहुंची पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती का भाजपा कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह जोरदार स्वागत किया गया। वहीं दोनियापुरा पहुंचकर पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने वीरांगना महारानी अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा का अनावरण कर पूजन के तत्पश्चात विशाल सभा को संबोधित किया। मंच पर मप्र शासन के कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद सिंह भदौरिया, मेहगांव क्षेत्र के विधायक एवं राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया भी उपस्थित रहे। इस दौरान प्रतिमा के लिए कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद भदौरिया एवं मेहगांव विधायक ओपीएस भदौरिया ने अपनी विधायक निधि से पांच-पांच लाख रुपए उद्यान आदि के लिए दान किए।
पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने जनसभा में उपस्थित महिलाओं को शपथ दिलाई कि वह अपने घरों में शराब का सेवन करने वाले लोगों के लिए खाना नहीं बनाएंगी और अपने परिवार के सदस्यों को शराब नहीं पीने देंगीं। इस दौरान उमा भारती ने युवाओं को भी शराब न पीने की शपथ दिलाई। मंच से उमा भारती ने एलान किया कि 2019 का चुनाव उन्होंने अपनी इच्छा से छोड़ा था परंतु 2024 का चुनाव पार्टी जहां से भी लड़ाएगी वह अपनी पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेंगी।