ग्वालियर, 31 जुलाई। जिला प्रशासन ग्वालियर की गरिमामयी सेवाओं को समर्पित अपर जिलाधिकारी (एडीएम) टीएन सिंह को सेवानिवृत्ति उपरांत भव्य विदाई समारोह आयोजित कर सम्मानपूर्वक विदा किया गया। यह समारोह होटल तानसेन में आयोजित किया गया।
विदाई समारोह में कलेक्टर रुचिका चौहान ने कहा कि टीएन सिंह ने ग्वालियर जिले में प्रशासनिक कुशलता, संवेदनशील निर्णय क्षमता और सहज संवाद से आमजन के बीच प्रशासन की एक नई पहचान बनाई है। उनके अनुभव और दृष्टिकोण से हम सभी को लगातार मार्गदर्शन मिलता रहा। यह केवल सेवानिवृत्ति नहीं, बल्कि एक संस्था के अनुभव का विराम है। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर कुमार सत्यम ने भी सिंह के साथ कार्य करने के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि सिंह सदैव धैर्यपूर्ण और सुस्पष्ट निर्णयों के लिए जाने जाते रहे हैं। संकट की घडी हो या जनहित का कोई बडा निर्णय, उन्होंने हमेशा प्रशासन को दृढता और संवेदनशीलता के साथ दिशा दी।
नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने भी सिंह को भावभीनी विदाई दी। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन के समन्वय में सिंह की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। वे एक सजग प्रशासक ही नहीं, बल्कि एक आदर्श सहकर्मी भी रहे हैं। इस मौके पर एसडीएम राजस्व संजीव जैन, अतुल सिंह, विनोद सिंह, नरेन्द्र बाबू यादव, अपर आयुक्त नगर निगम मुनीष सिंह सिकरवार सहित विभागीय अधिकारियों ने भी अपने विचार रखे।
अपने विदाई उदबोधन में टीएन सिंह ने सभी अधिकारियों, सहकर्मियों और जिलेवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मैंने सदैव अपने कार्य को सेवा का माध्यम माना है। ग्वालियर की धरती और यहां की जनता से मुझे जो स्नेह और सहयोग मिला, वह मेरे लिए जीवन की अमूल्य पूंजी रहेगा। समारोह में जिले के अन्य प्रशासनिक अधिकारी, विभिन्न विभागों के प्रमुख, कर्मचारीगण एवं सिंह के परिजन भी उपस्थित रहे। सभी ने सिंह को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।