अमायन में नवीन लोकसेवा केन्द्र का हुआ शुभारंभ

– भाजपा मण्डल अध्यक्ष ने फीता काटकर किया उद्घाटन

भिण्ड, 01 जुलाई। मप्र सरकार के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला के आदेश पर जिले की अमायन तहसील में नवीन लोकसेवा केन्द्र का शुभारंभ मंगलवार को हो गया है। इस अवसर पर मुख्य अतिथि भाजपा मण्डल अध्यक्ष अमायन विनोद सिंह चौहान ने लोकसेवा केन्द्र का फीता काटकर उद्घाटन किया। कार्यक्रम में तहसीलदार मनोज धाकड, भाजपा महामंत्री रघुराज सिंह सिकरवार भी उपस्थित रहे। इस लोकसेवा केन्द्र के शुरू होने से वृत्त अमायन के अंतर्गत 28 ग्राम पंचायतों के लोगों को लाभ मिलेगा।

जिला पंचायत सदस्य ने कलेक्टर को सौंपा था पत्र

इस संबंध में जिला पंचायत सदस्य पुष्पलता/ डॉ. अवधेश प्रताप सिंह ने सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव से मुलाकात की और वृत्त अमायन तहसील मेहगांव में लोकसेवा केन्द्र स्वीकृत हेतु पत्र के माध्यम से अवगत कराया था। उन्होंने कलेक्टर को बताया था कि वृत्त अमायन के अंतर्गत 28 ग्राम पंचायतें हैं, जिसमें अन्य मजरा भी स्थित हैं। इसकी दूरी तहसील मेहगांव से लगभग 40 किमी है। लोकसेवा केन्द्र में आय, जाति, मूल निवासी, ईडब्ल्यूएस, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, केन्द्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं एवं किसान भाईयों को अपने राजस्व विकास संबंधी जानकारी हेतु मेहगांव लोकसेवा केन्द्र में आना जाना पडता है। जिससे किसान भाईयों को परेशानी का सामना करना पडता है। किसान एवं आम आदमी की गंभीर समस्या के निदान हेतु वृत्त अमायन में लोकसेवा केन्द्र की मांग की है। कलेक्टर ने जिला पंचायत सदस्य की मांग को प्राथमिकता से पूर्ण करने का आश्वासन दिया है।