-दंदरौआ धाम में महंत रामदास महाराज ने श्रद्धालुओं को दिया आशीर्वाद
भिण्ड, 01 जुलाई। दंदरौआ धाम में मंगलवार को डॉक्टर हनुमान के दर्शन के लिए बडी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने हनुमानजी के दर्शन कर महामण्डलेश्वर महंत रामदास महाराज से आशीर्वाद लिया।
महंत रामदास महाराज ने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देते हुए कहा कि अंगार अग्नि से विमुख होते ही कोयला बन जाता है, फिर उस कोयले को साबुन लगाकर कितना ही धो लें, तो भी उसका कालापन नहीं मिटता। अगर उसको पुन: अग्नि में रख दिया जाय, तो फिर उसका कालापन नहीं रहता और वह चमक उठता है। ऐसे ही भगवान के अंश इस जीव में कालापन अर्थात अपवित्रता भगवान से विमुख होने से ही आती है। अगर यह भगवान के सम्मुख हो जाए, तो इसकी वह अपवित्रता सर्वथा मिट जाती है और यह मानव पवित्र हो जाता है तथा दुनिया में चमक उठता है। इसमें इतनी पवित्रता आ जाती है कि भगवान भी इसे अपना मुकुट मणि बना लेते हैं।
महाराज ने कहा कि जो मनुष्य सच्चे मन से राम नाम का जाप कर लेता है, उसका लोक ही नहीं परलोक भी सुधर जाता है। मनुष्य जीवन बहुत दुर्लभ है और बहुत सत्कमों के बाद ही मनुष्य का जीवन मिलता है। उन्होंने कहा कि मनुष्य को इसका सदुपयोग करना चाहिए और राम नाम का जप करते हुए अपने लोक व परलोक को सुधारना चाहिए। कलयुग में मनुष्य का सबसे बडा सहारा राम नाम ही है। उन्होंने कहा कि रामायण को प्रतिदिन श्रवण करने और उसको पढने से मानसिक संतुलन ठीक रहता है। महाराज ने कहा कि हमें अपना स्वभाव सुंदर और मीठा बनाना है तो भगवान राम के नाम का जाप करना चाहिए। इस मौके पर रामबरन पुजारी, जलज त्रिपाठी, पण्डा भगत, नरसी दद्दा सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।