रविन्द्र बौहरे ✍️
– विवाद के चलते लहार में हुई फायरिंग, स्थिति तानवपूर्ण
भिण्ड 30 जुलाई:- जिले के लहार थाना क्षेत्र में पुरानी चुंगी के पास बुधवार को दिन में दो पक्षों में जमकर फायरिंग हुई। इस घटना में 46 वर्षीय मोनू चौधरी की मौके पर मौत हो गई, उसे सिर और पीठ में गोली लगी थी। एक अन्य व्यक्ति घायल बताया गया है। पुलिस के मुताबिक विवाद की शुरुआत गाली-गलौज से हुई थी जो बाद में गोलीबारी में बदल गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार मोनू चौधरी और दुबे परिवार के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। बुधवार को मोनू अपने घर की ओर जा रहा था, तभी दुबे परिवार के लडकों ने उसे गालियां देना शुरू कर दीं। विरोध करने पर युवकों ने आरोप लगाया कि मोनू का परिवार संजीव चौधरी का पक्ष ले रहा है। इसी बात पर दोनों ओर से तकरार बढ गई। प्रत्यक्ष दर्शियों का कहना है कि शुरुआत में दुबे पक्ष के युवकों ने हवाई फायर किए। जैसे ही यह सूचना मोनू के परिजनों और समर्थकों को लगी, वे भी हथियार लेकर पहुंच गए। इसके बाद करीब 20 मिनट तक दोनों ओर से ताबडतोड फायरिंग चली, जिसमें 30 से 40 राउण्ड गोलियां चलाई गईं। इस दौरान मोनू चौधरी को एक गोली सिर में और एक पीठ में लगी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एक अन्य व्यक्ति घायल बताया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया है। एहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन सतर्क है।
इनका कहना है:
‘‘गोलीबारी में एक युवक की मौत हुई है और दूसरे के घायल होने की सूचना है। मामले की गंभीरता से जांच कराई जा रही है। पुलिस ने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।’’
डॉ. असित यादव, पुलिस अधीक्षक