जिले की सात महिलाएं रविवार को बनेंगीं शक्ति दीदी, संभालेंगीं फ्यूल डिलेवरी वर्कर की जिम्मेदारी

* कलेक्टर, एसएसपी एवं जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी पेट्रोल पंपों पर पहुंचकर करेंगे शक्ति दीदियों का उत्साहवर्धन
* 45 शक्ति दीदियां पहले से ही कर रही हैं यह काम

ग्वालियर, 31 मई। ग्वालियर जिले की जरूरतमंद महिलाएं शक्ति दीदी बनकर महिला सशक्तिकरण की नई इबारत लिख रही हैं। शक्ति दीदियों की संख्या लगातार बढ रही है। इस क्रम में एक जून को शहर के 4 विभिन्न पेट्रोल पंपों पर 7 महिलाएं शक्ति दीदी बनकर फ्यूल डिलेवरी वर्कर की जिम्मेदारी संभालेंगीं। जिले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से कलेक्टर रुचिका चौहान ने शक्ति दीदी के नाम से नवाचार किया है।
इस नवाचार से जरूरतमंद महिलाओं को लगातार सहारा मिल रहा है। शक्ति दीदी नवाचार के तहत जरूरतमंद महिलाओं को पेट्रोल पंपों पर फ्यूल डिलेवरी वर्कर के रूप में जिला प्रशासन द्वारा नौकरी दिलाई जा रही है। बता दें शक्ति दीदी के तहत पहले से ही जिले में 45 महिलाएं यह भूमिका सफलतापूर्वक निभा रही हैं। रविवार को 7 और महिलाओं के जुड जाने से जिले में शक्ति दीदियों की संख्या 52 हो जाएगी।
कलेक्टर रुचिका चौहान सहित जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एक जून को विभिन्न पेट्रोल पंपों पर पहुंचकर महिलाओं को शक्ति दीदी के रूप में फ्यूल डिलेवरी वर्कर की जिम्मेदारी दिलाएंगे। साथ ही उनका उत्साहवर्धन करेंगे। कलेक्टर सुबह 11.30 बजे बिरला नगर स्थित रामजानकी फ्यूल पेट्रोल पंप पर अनीता कुशवाह व रानी गौर को व सिंहपुर रोड बारादरी मुरार स्थित मां पेट्रोलियम पंप पर कविता रूरया को शक्ति दीदी की जिम्मेदारी सौंपेंगीं। इसी तरह भिण्ड रोड गोला का मन्दिर स्थित पटेल एण्ड संस पेट्रोल पंप पर एडीएम टीएन सिंह व जिला खेल अधिकारी जोसेफ बक्सला, पूजा ओझा व सोना देवी एवं अर्रू तिराहा डबरा स्थित ओम फिलिंग स्टेशन पर एसडीएम डबरा दिव्यांशु चौधरी व डबरा एसडीओपी जितेन्द्र नगाइच, रंजना सोनी व रीता बाथम को फ्यूल डिलेवरी वर्कर के रूप में शक्ति दीदी की जिम्मेदारी सौंपेंगे।