भगवान का नाम ही मंगलकारी है : बलराम दास महाराज

गांगेपुरा में चल रहा श्रीराम चरितमानस पाठ

भिण्ड, 15 जनवरी। आलमपुर क्षेत्र के ग्राम गांगेपुरा में गौड बाबा महाराज के प्रांगण में त्रिदिवसीय श्रीराम चरितमानस पाठ का आयोजन किया जा रहा है।
जिसमें दूसरे दिन प्रवचन वक्ता बलराम दास महाराज ने कहा कि राम चरितमानस का संपूर्ण अध्याय त्याग, समर्पण और विश्वास का प्रतीक है। यह भोग नहीं त्याग की कथा है। यहां रामायण के सभी पात्रों में त्याग की प्रतियोगिता चल रही है और त्याग करने में कोई पीछे नहीं रहा। सभी भाइयों का एक दूसरे के प्रति त्याग और प्रेम अद्भुत, अभिनव व अलौकिक है। उन्होंने कहा कि जीवन की आदर्श आचार संहिता को बनाए रखने के लिए मानसगान सम्मेलन प्रत्येक गांवों में होना चाहिए। पारिवारिक व सामाजिक समस्याओं का संपूर्ण समाधान राम चरितमानस में ही निहित है।