मैं रहूं या ना रहूं, ये भारत रहना चाहिए : राजपाल सिंह

मौ में निकला आरएसएस का पथ संचलन

भिण्ड, 25 अक्टूबर। मौ नगर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का विजयदशमी के अवसर पर पथ संचलन विभिन्न मार्गों से निकला गया। इस अवसर पर शस्त्र पूजन भी किया गया। नगर में जगह-जगह स्वागत हेतु पुष्प वर्षा की। नरसिंह मन्दिर प्रांगण में स्वयं सेवक एकत्रित हुए। इसके बाद नगर के मुख्य मार्गों से पथ संचलन निकाला गया। पथ संचलन के समापन पर मुख्य वक्ता लहार जिला प्रचारक राजपाल सिंह ने कहा कि 2047 में भारत विश्व गुरू का सपना पूर्ण कर अखण्ड भारत के रूप में स्थापित होगा एवं भारत के कल्याण में विश्व कल्याण निहित है और यही ईश्वर की नियति है और संघ के जो विरोधी है, जो संघ को अपना नहीं मानते, संघ उनको भी अपना मानता है और संघ यह जानता है कि ये आने वाले कल के स्वयंसेवक है, आने वाले समय में संघ का हर विरोधी संघ का हितैषी होगा और भारत को विश्व गुरू बनाने में सहभागी होगा। सुबह 10 बजे सभी स्वयं सेवक नरसिंह मन्दिर पर एकत्रित हुए। इसके बाद तैयारियों के साथ पथ संचलन निकाला गया। कंधे पर दण्ड रखकर कदम से कदम मिलाकर स्वयंसेवक चल रहे थे। कार्यक्रम में खण्ड कार्यवाह धर्मेन्द्र जी व सह खण्ड कार्यवाह जिनेन्द्र जी उपस्थित रहे।