आज हमारा भारत विश्व गुरू और गौरव की दिशा में आगे बढ रहा है : गुप्ता

विजयादशमी पर भिण्ड में निकला संघ का पथ संचलन

भिण्ड, 24 अक्टूबर। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ का विजयदशमी के उपलक्ष्य में भिण्ड नगर का विशाल पथ संचलन निकला। यहां सर्वप्रथम शा. उमावि क्र.दो के मैदान में स्वयं सेवकों का एकत्रीकरण हुआ, जहां से दण्ड पूजन किया गया।
पथ संचलन घोष के साथ शुरू होकर अवंतीबाई चौराहा, पुरानी रेल्वे लाइन रोड, सब्जी मण्डी होते हुए सदर बाजार, बजरिया, किला रोड, वनखण्डेश्वर रोड, हाउसिंग कॉलोनी गौरी का किनारा होते हुए वापस क्र.दो स्कूल के मैदान में पहुंचा। पथ संचलन का रास्ते में विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा किया गया। इस अवसर मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी सत्यवृत आर्य, विभाग संघ चालक नवल सिंह भदौरिया, नगर संघ चालक डॉ. शैलेन्द्र परिहार मंचासीन रहे।
बौद्धिक सत्र में सह प्रांत प्रचारक मध्य भारत प्रांत विमल गुप्ता ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज हमारा भारत विश्व गुरू और गौरव की दिशा में आगे बढ रहा है। चन्द्रयान-3, राम मन्दिर निर्माण, धारा 370, वंदे भारत ट्रेनों का विस्ता, तीन तलाक बिल, काशी विश्वनाथ कोरिडोर, महाकाल कोरिडोर, शंकराचार्य की स्थापना, नई शिक्षा नीति के माध्यम से राष्ट्र जागरण का कार्य भी किया जा रहा है, यह सब भारत के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि अब समय बदल गया है, कई लोग कुर्ता पजामा के ऊपर जनेऊ डालकर अपना गोत्र याद करने लगे हैं। मुसलमान भी अब कहने लगे हैं कि हमारे पूर्वज भी हिन्दू थे। यह हमारी ताकत का ही सकारात्मक परिणाम है। हमारा जागरण किसी दल या व्यक्ति को जिताने और हराने के लिए नहीं वल्कि हिन्दुत्व को जगाने के लिए प्रयास है।

गुप्ता ने कहा कि व्यक्तिगत चरित्र के साथ-साथ हमारा राष्ट्रीय चरित्र भी अत्यंत आवश्यक है। हमारी इस मातृभूमि के प्रति अपने राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी एवं कर्तव्य बोध भी हमेशा स्मरण रखना होगा। जब हम बिखरे होंगे तो विघटनकारी शक्तियों आपको परास्त कर सकती हैं। हमारे हिन्दू समाज की शक्ति कभी विध्वंशक नहीं रही वल्कि वह सज्जनों को आश्वस्त करने वाली और दुर्जनों को सज्जन होने की प्रेरणा देने वाली है। उन्होंने कहा कि हिन्दू समाज में भेद खडा करके हमें तोडने का प्रयास किया जाता है, जो किसी भी हालत में नहीं होना चाहिए। उन्होंने चुनाव के संबंध में कहा कि आगामी दिनों में लोकसभा के चुनाव आने वाले हैं, कोई भी मतदान से वंचित न रहे, इसलिए युवाओं का मतदाता सूची में पंजीयन होना जरूरी है। हमारा शत-प्रतिशत मतदान का लक्ष्य होना चाहिए। हमारा कोई भी कार्यकर्ता निष्क्रिय न बैठे, सभी को जिम्मेदारी के साथ एक साथ लगना होगा। कार्यकर्ता विरोध के साथ खडा नहीं होना चाहिए वल्कि राष्ट्रीय मुद्दों के आधार पर मतदान हो इसकी चिंता करना चाहिए।