देशभर के कई साहित्यकारों ने की कार्यक्रम में सहभागिता
ग्वालियर, 09 अक्टूबर। साहित्य कला परिषद ग्वालियर द्वारा गत रविवार को पुराने हाईकोर्ट के सामने मैना वाली गली में स्थित एडवोकेट अशोक खेडकर के निवास पर एक भव्य साहित्यिक आयोजन किया गया। जिसमें काव्य संकलन ‘ऐसी छेडी तान गुरु’ और रमेश कटारिया पारस द्वारा संपादित अखिल भारतीय गजल संग्रह ‘21वीं शताब्दी के श्रेष्ठ गजलकार’ एवं हरदोई की कवियित्री सीमा नयन की पुस्तक ‘अल्फाज ए नयन’ का भव्य लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि रायपुर से शब्द प्रभात पत्रिका के संपादक एबी दुबे रहे एवं अध्यक्षता डॉ. भगवान स्वरूप चैतन्य ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में संस्था की उपाध्यक्ष डॉ. कमलेश कटारिया कमल, उर्वी ऊदल, डॉ. सुखदेव सिंह सेंगर, ऊषा सिकरवार, संजय जैन दिल्ली मंचासीन रहे। कार्यक्रम का संचालन संस्था के अध्यक्ष डॉ. रमेश कटारिया पारस ने किया।
इस आयोजन में भागीदार सभी गजलकारों को पुस्तकों के साथ कण्ठहार, गोल्ड मेडल, 21वीं शताब्दी के श्रेष्ठ गजलकार सम्मान, लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड, अवार्ड ऑफ एक्सिलेंसी प्रदान किए गए और डिग्री गाउन पहनाकर समानित किया गया। कार्यक्रम में दिल्ली मेरठ, कटनी, फगवाडा, झांसी हरदोई, ग्वालियर, भिण्ड के साहित्यकारों के अलावा आगरा से डॉ. राजेन्द्र मिलन, अशोक अश्रु, सुशील सरित आदि कई शहरों से साहित्यकारों ने भाग लिया। कार्यक्रम की भूमिका डॉ. सुखदेव सिंह सेंगर एवं पूरे आयोजन की समीक्षा डॉ. भगवान स्वरूप चैतन्य ने रोचक और सार्थक रूप से की। इसके पश्चात खेडकर जी ने सभी उपस्थित साहित्यकारों का आभार व्यक्त किया। इस आयोजन में लगभग 60 कवियों, कवियित्रियों का गाउन पहनाकर और पुस्तकें भेंट कर सम्मानित किया गया। चार घण्टे तक चले इस कार्यक्रम में सभी कवियों ने काव्य पाठ किया।