मुख्यमंत्री जनसेवा मित्र चौपाल का लगाकर कर रहे हैं महिलाओं संवाद
भिण्ड, 24 सितम्बर। मप्र शासन के निर्देशानुसार एवं सीएम फैलो वेदांत चौधरी के मार्गदर्शन में भिण्ड ब्लॉक मुख्यमंत्री जनसेवा मित्र आशुतोष शर्मा नंदू द्वारा ग्राम पंचायत डिडी के ग्राम डिडीखुर्द, चांसड, डिडीकलां, जवाहरपुरा में महिला चौपाल का आयोजन किया गया। जिसमें वृद्ध महिलाओं की समस्याओं को जाना एवं विस्तृत चर्चा की। शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं में लाडली बहन आवास योजना, लाडली बहना योजना, पूरक पोषण योजना, उज्जवला योजना, मातृ वंदना योजना, जननी सुरक्षा योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, वृद्ध एवं विधवा पेंशन योजना, आयुष्मान कार्ड आदि के बारे में बताया।
मुख्यमंत्री जनसेवा मित्र आशुतोष शर्मा नंदू ने चौपाल में महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आधुनिक भारत नारीशक्ति का है। मप्र की नारी भारत के निर्माण में पूर्ण समर्पित है, हमारे राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं महिलाएं, तभी राष्ट्र का पूर्ण निर्माण संभव है। शासन द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ गांव-गांव तक पहुंच रहा है। चौपाल आयोजन करने का मुख्य उद्देश्य यह है कि जो पात्र हितग्राही हैं, यदि वह किसी योजना से वंचित हैं तो उनको लाभ शीघ्र मिल सके, उनसे जन संवाद कर उनकी समस्या का निराकरण कर उन्हें समय पर लाभ मिल सके। महिलाएं उत्साहित होकर चौपाल में भाग ले रही हैं।
मुख्यमंत्री जनसेवा मित्र नीरज श्रीवास ने महिलाओं की समस्याओं को रजिस्टर में नोट कर उनको उचित जानकारी दी। आंगनवाडी कार्यकर्ता मधु यादव, सरोज यादव, आशा कार्यकर्ता राजेन्द्री शर्मा, आंगनबाडी सहायिका, ग्राम के समाजसेवी आदि लोग चौपाल में उपस्थित रहे।