भ्रष्टाचार का रिकार्ड कायम कर रही है सरकार : डॉ. गोविन्द सिंह

भाजपा को उखाड फेंकने का मन बना चुकी है जनता : भाटिया
गद्दारी का इतिहास है सिंधिया परिवार का : शर्मा
गोहद में जनआक्रोश रैली व सभा आयोजित

भिण्ड, 22 सितम्बर। प्रदेश की भाजपा सरकार भ्रष्टाचार का रिकार्ड कायम कर रही है और भ्रष्टाचार की भूख इतनी बढ गई है कि प्रदेश को कर्ज में डालकर लोन पर लोन लिए जा रहे है। जिस भगवान का नाम लेकर सत्ता हासिल करने वाले भाजपा के सत्ता के मद में इतने चूर हो गए है कि इन्होंने भगवान को भी नहीं छोडा और उज्जैन के महालोक में जमकर भ्रष्टाचार किया। यह विचार नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह ने जनआक्रोश रैली के तहत अटल चौक पर आयोजित जनसभा में व्यक्त किए। सभा में चंबल संभाग प्रभारी शिवा भाटिया, भिण्ड जिला प्रभारी वासुदेव शर्मा, जिलाध्यक्ष मानसिंह कुशवाह, दिनेश गुर्जर, विधायक मेवाराम जाटव, देवाशीष जरारिया, नपा अध्यक्ष गोहद मंजू माहौर मंचासी थे। संचालन आशीष गुर्जर ने किया।
कांग्रेस पार्टी द्वारा प्रदेश सरकार के खिलाफ जनआक्रोश रैली का आयोजन किया जा रहा। जिसके गोहद आगमन पर अटल चौक पर आयोजित जन सभा को संबोधित करते हुए चंबल संभाग प्रभारी शिवा भाटिया ने कहा कि जन आक्रोश रैली का आयोजन भले ही कांग्रेस पार्टी ने किया हो, लेकिन यह प्रदेश की सरकार के खिलाफ जनता का आक्रोश है और उसने प्रदेश की भाजपा सरकार को उखाड फैंकने का मन बना लिया है। यहां भिण्ड जिला प्रभारी वासुदेव शर्मा ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार वोट से नहीं नोट से चुनी सरकार है, जिसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी ज्योतिरादित्य सिंधिया ने, सिंधिया परिवार का गद्दारी का इतिहास है।
डॉ. गोविन्द सिंह के आक्रोश के शिकार हुए कार्यकर्ता
जनता का प्रदेश की सरकार के खिलाफ कितना आक्रोश है यह तो चुनाव के परिणाम से पता चलेगा। लेकिन गोहद के कांग्रेस कार्यकर्ताओं को डॉ. गोविन्द सिंह के आक्रोश का शिकार जनसभा के मंच पर होना पडा। यहां मंच अतिथियों के आगमन से पूर्व ही भरा पडा था। यह देख डॉ. गोविन्द सिंह का पारा सातवे आसमान पर पहुंच गया, उन्होंने अपने चिर-परिचित अंदाज में सभी को जमकर लताडा और कहा कि मंच पर सिर्फ अतिथि और पदाधिकारी ही रहेंगे। उन्होंने कहा कि पंच का चुनाव लडे नहीं और आ गए विधायक का टिकट मांगने। मंच पर सार्वजनिक रूप से बेइज्जती होने पर एक पदाधिकारी ने तो इस्तीफा तक देने की बात प्रेस के मित्रों से कही।
सभा स्थल से अधिक पेट्रोल पंप पर थी भीड
एक दर्जन से अधिक दावेदार, विधायक व नगर पालिका अध्यक्ष कांग्रेस का होने के बावजूद कांग्रेस भीड जुटाने में असफल रही। सभा स्थल से ज्यादा पेट्रोल पंप पर अधिक भीड थी। यहां पेट्रोल पंप पर पेट्रोल के लिए सैंकडो दोपहिया वाहन थे, लेकिन उन्हें मायूस होकर लौटना पडा। क्योंकि दोपहिया वाहनों में पेट्रोल डालने से पूर्व ही रैली का आगमन हो गया तो अब पेट्रोल किस बात की।