25 सितंबर को भोपाल जाने के लिए प्रदेश उपाध्यक्ष ने ली कार्यकर्ताओं की बैठक

भिण्ड, 19 सितम्बर। पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर 25 सितंबर को भोपाल में कार्यकर्ता महाकुंभ आयोजित किया जाएगा। दो सितंबर से निकाली जाने वाली जन आशीर्वाद यात्रा 25 सितंबर को भोपाल पहुंचेगी। भोपाल के जंबूरी मैदान में होने वाले कार्यकर्ता महाकुंभ को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संबोधित करेंगे। कार्यकर्ता महाकुंभ के आयोजन को लेकर सोमवार को भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष चौ. मुकेश सिंह चतुर्वेदी ने रौन मण्डल के गौरई में बैठक ली। जिसमें कार्यकर्ताओं को महाकुंभ में पहुंचने का आव्हान किया। इस अवसर पर मण्डल अध्यक्ष अवधेश बघेल, विधानसभा संयोजक मायाराम शर्मा, जिला कार्यसमिति सदस्य डॉ. लाखन सिंह, किसान मोर्चा मण्डल अध्यक्ष आशाराम राजावत, पिछडा वर्ग मोर्चा मण्डल अध्यक्ष कपूर कुशवाह, जिला कार्यसमिति सदस्य अनिल त्यागी, किसान मोर्चा जिला कार्यसमिति सदस्य वेदराम त्यागी, पूर्व मण्डल अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह कुशवाह, जिला कार्यसमिति सदस्य मनोज पाठक, पूर्व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रूबी चौहान सहित ज्येष्ठ एवं श्रेष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यकर्ताओं से सदस्यता अभियान में जुटने का आह्वान
प्रदेश उपाध्यक्ष चौ. मुकेश सिंह ने कहा कि ग्वालियर से शुरू सदस्यता अभियान 230 विधानसभाओं में चलाया जा रहा है। सदस्यता अभियान में अलग-अलग स्तर पर जुट जाएं, स्कूल-कालेज में विद्यार्थियों को भाजपा की विचारधारा से अवगत कराएं और उन्हें पार्टी से जोडने का काम करें।