लोकतंत्र का लोक उत्सव भारत पर्व का हुआ आयोजन

सहकारिता मंत्री ने अटेर पर्यटन पर आधारित कैलेंडर का किया विमोचन

भिण्ड, 27 जनवरी। सहकारिता एवं लोकसेवा प्रबंधन मंत्री डॉ. अरविन्द सिंह भदौरिया के मुख्य आतिथ्य में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस की संध्या पर निराला रंग बिहार परिसर भिण्ड में आजादी का अमृत महोत्सव अंतर्गत लोकतंत्र का लोक उत्सव भारत पर्व का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा मां सरस्वती जी की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। इस दौरान कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, एडीएम जेपी सैयाम, सीईओ जिला पंचायत जेके जैन, डिप्टी कलेक्टर पराग जैन सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

सहकारिता एवं लोकसेवा प्रबंधन मंत्री डॉ. अरविन्द सिंह भदौरिया द्वारा अटेर महोत्सव पर आधारित कैलेंडर का विमोचन किया गया। भारत पर्व के अवसर पर देश भक्ति पर केन्द्रित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।

जनसंपर्क कार्यालय की विकास प्रदर्शनी बनी आकर्षक का केन्द्र

गणतंत्र दिवस-26 जनवरी की संध्या बेला पर भारत पर्व के दौरान जिला जनसंपर्क कार्यालय भिण्ड के माध्यम से विकास प्रदर्शनी लगाई गई। जिला जनसपंर्क कार्यालय द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी में प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं को प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी का छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों ने अवलोकन कर शासन की जनहितैषी एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।